विक्की कौशल की 'छावा' फैंस के दिल पर कर रही राज! जानें किन राज्यों ने फिल्म को किया टैक्स फ्री
मुंबई। विक्की कौशल और रश्मिका मंदाना की फिल्म छावा इस वक्त फैंस के दिल पर राज्य कर रही है। फिल्म आए दिन नए -नए रिकॉर्ड अपने नाम कर रही है। हालांकि फिल्म को अलग अलग राज्य में टैक्स फ्री किया जा गहा है। जहां छावा को मध्य प्रदेश में पहले टैक्स फ्री किया गया था, वहीं अब गोवा में भी टैक्स फ्री हो चुकी है। गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने छत्रपति शिवाजी महाराज की 395वीं जयंती के अवसर पर एक्स पर एक पोस्ट के माध्यम से इसकी घोषणा की थी। इससे पहले मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने भी छत्रपति संभाजी महाराज के जीवन पर आधारित फिल्म को अपने राज्य में कर मुक्त कर दिया है। दरअसल गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने कहा, मुझे यह घोषणा करते हुए काफी खुशी हो रही है कि छत्रपति संभाजी महाराज के जीवन और बलिदान पर आधारित फिल्म छावा गोवा में कर-मुक्त होगी। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि यह फिल्म संभाजी महाराज की वीरता और साहस को दर्शाती है, जिन्होंने देव, देश और धर्म के लिए मुगलों और पुर्तगालियों के खिलाफ लड़ाई लड़ी थी।
सीएम फडणवीस ने छावा को टैक्स-फ्री करने की अपील का किया स्वागत
इससे पहले महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने भी फिल्म छावा को टैक्स-फ्री करने की अपील का स्वागत किया था। उन्होंने फिल्म की ऐतिहासिक प्रस्तुति की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने जनता से फिल्म के बारे में अच्छे फीडबैक सुने हैं। सीएम फडणवीस ने कहा, मैं खुश हूं कि छत्रपति संभाजी महाराज के जीवन पर बहुत ही अच्छी फिल्म बनाई गई है। हालांकि, मैंने इसे अभी तक नहीं देखा है, लेकिन मुझे जो प्रतिक्रिया मिली है, वह बताती है कि इस फिल्म में इतिहास को विकृत नहीं किया गया है।इसके साथ ही फडणवीस ने यह भी जानकारी दी कि महाराष्ट्र ने 2017 में पहले ही एंटरटेनमेंट टैक्स हटा दिया था और अब वे यह देखेंगे कि फिल्म को ज्यादा से ज्यादा लोगों तक कैसे पहुंचाया जा सकता है। विक्की कौशल की फिल्म छावा ने रिलीज के तीसरे दिन ही 100 करोड़ का आंकड़ा बॉक्स ऑफिस पर पार कर लिया था। छावा जल्द ही 200 करोड़ रुपये के क्लब में शामिल हो जाएगी। फिल्म ने अब तक बॉक्स ऑफिस से 197.75 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया है। फिल्म का निर्देशन लक्ष्मण उटेकर ने किया है। छावा में विक्की कौशल छत्रपति संभाजी महाराज की मुख्य भूमिका में हैं। इसके अलावा रश्मिका मंदाना ने येसूबाई भोसले, अक्षय खन्ना ने औरंगजेब, डायना पेंटी ने जिनत-उन-निसा बेगम, दिव्या दत्ता ने सोयराबाई, विनीत कुमार सिंह ने कवि कलश और आशुतोष राणा ने हंबीरराव मोहिते का किरदार निभाया है।