यूक्रेन और रूस युद्ध पर हाई लेवल मीटिंग संभव, रूस ने की पुष्टि, विदेश मंत्री लावरोव और पुतिन के सलाहकार सऊदी रवाना होंगे

By :  Aryan
Update: 2025-02-17 11:51 GMT

नई दिल्ली। यूक्रेन और रूस के बीच लंबे समय से युद्ध चल रहे हैं। जिससे दोनो ही देशों के नागरिक को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। लेकिन अब जल्द ही युद्ध के खत्म होने के आसार नजर आने लगे हैं। जानकारी के अनुसार रूस बातचीत के लिए तैयार हो गया है। इस मामले में क्रेमलिन का कहना है कि शीर्ष रूसी अधिकारी मंगलवार को सऊदी अरब में अमेरिका के साथ संबंधों को बहाल करने और यूक्रेन में युद्ध के मुद्दे पर बातचीत करेंगे। क्रेमलिन के प्रवक्ता दिमित्री पेस्कोव ने बताया कि रूसी विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव और राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के विदेश मामलों के सलाहकार यूरी उशाकोव सोमवार को सऊदी अरब की राजधानी रियाद के लिए रवाना होंगे। वहां मंगलवार को अमेरिकी अधिकारियों के साथ बात करेंगे।

दोनों राष्ट्रपतियों की बैठक को लेकर विचार-विमर्श किया जाएगा

बता दें पेस्कोव ने कहा कि वार्ता का मुख्य उद्देश्य 'रूस-अमेरिका संबंधों के संपूर्ण ढांचे को बहाल करना' है। इसके साथ ही यूक्रेन संकट के समाधान पर चर्चा और दोनों राष्ट्रपतियों की संभावित बैठक को लेकर विचार-विमर्श किया जाएगा। इससे पहले अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के विशेष दूत स्टीव विटकॉफ ने दिए एक बयान में कहा कि वे और राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार माइक वाल्ट्ज यूक्रेन मुद्दे पर बातचीत के लिए सऊदी अरब जाएंगे।

अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो भी एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल के साथ सऊदी अरब जा रहे हैं, जहां वे रूसी अधिकारियों के साथ सीधी बात करेंगे। इन बैठकों का उद्देश्य यूक्रेन में जारी संघर्ष को समाप्त करने के लिए कूटनीतिक समाधान तलाशना है। रूस और अमेरिका के बीच बढ़ते तनाव और यूक्रेन युद्ध के बीच यह वार्ता वैश्विक राजनीति के लिए एक महत्वपूर्ण कूटनीतिक पहल मानी जा रही है। हालांकि पहले से ही इस बात के आसार थे कि डोनाल्ड ट्रंप के अमेरिका के राष्ट्रपति बनते ही यूक्रेन और रूस पहल किया जाएगा। वहीं डोनाल्ड ट्रंप यह बहुत बड़ा एतिहासिक कदम माना जा रहा है।   

Tags:    

Similar News