पिछले 1 दशक में 25 करोड़ लोग गरीबी से बाहर आए हैं, उन्होंने नव मध्यम वर्ग का निर्माण किया है : पीएम मोदी

Update: 2024-08-31 18:03 GMT

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को विश्व नेताओं के मंच को संबोधित करते हुए कहा कि भारत आज सफलता की एक अलग कहानी लिख रहा है। भारत में हमने अपने आर्थिक प्रदर्शन में सुधारों का प्रभाव देखा है। कई बार भारत ने पूर्वानुमानों से भी बेहतर प्रदर्शन किया है। यह वह सतत विकास है जो हमने हासिल किया है, यह वह सतत विकास है जिसका हम वादा करते हैं और यह वह सतत विकास है जो भविष्य में भी जारी रहेगा।

उन्होंने कहा कि बीते 10 वर्षों में हम भारतीयों के जीवन में बहुत बड़ा बदलाव लाने में सफल रहे हैं, हमारी सरकार ने करोड़ों नागरिकों के जीवन को छुआ है। देशवासियों को सुशासन देना हमारा संकल्प है। सुधार, प्रदर्शन, परिवर्तन हमारा मंत्र रहा है। पिछले 10 वर्षों में देश के लोग देश की उपलब्धियों को देख रहे हैं और इसलिए वो विश्वास से भरे हैं। विश्वास खुद पर, विश्वास नीति पर, विश्वास निर्णयों पर और विश्वास नीयत पर भी है।

उन्होंने कहा कि पिछले 1 दशक में 25 करोड़ लोग गरीबी से बाहर आए हैं और ये लोग सिर्फ गरीबी से बाहर नहीं आए हैं, उन्होंने नव मध्यम वर्ग का निर्माण किया है। ये गति और पैमाना ऐतिहासिक है। हमने गरीबों के प्रति सरकार का नजरिया बदला है। उनके पास बैंक खाते नहीं थे, बुनियादी सुविधाएं नहीं थीं, इसलिए हमने उनकी बाधाएं दूर कीं। जिनके पास दशकों से बैंक खाते नहीं थे, वे आज अपने खातों से डिजिटल लेन-देन कर रहे हैं। जिनके लिए बैंकों के दरवाजे बंद थे, उन्हें आज बिना गारंटी के बैंक लोन मिल रहा है, वे आज उद्यमी बन रहे हैं।

Tags:    

Similar News