अरविंद केजरीवाल एक हफ्ते में खाली करेंगे CM आवास, जनता के बीच रहने का किया एलान, संजय सिंह ने केजरीवाल की सुरक्षा को लेकर जताई चिंता

Update: 2024-09-18 06:45 GMT

नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने कल यानी मंगलवार को दिल्ली के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया। अरविंद केजरीवाल ने एक सप्ताह के अंदर मुख्यमंत्री आवास छोड़ने और और सभी सरकारी सुविधाएं छोड़कर जनता के बीच रहने का एलान किया है। आप सांसद संजय सिंह ने आज प्रेस कॉन्फ्रेंस कर यह जानकारी दी है। साथ ही उन्होंने बताया कि केजरीवाल कहां रहेंगे, यह अभी तय नहीं हुआ है। इसके अलावा उन्होंने अरविंद केजरीवाल की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है और भाजपा पर गंभीर आरोप लगाया है।

आप सांसद संजय सिंह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए कहा कि मुझे पूरा भरोसा है कि दिल्ली की जनता अरविंद केजरीवाल को भारी बहुमत से ईमानदारी का सर्टिफिकेट देगी। उन्होंने पूरी ईमानदारी और निष्ठा से दिल्ली की जनता की सेवा की है। मुख्यमंत्री को कई सुविधाएं मिलती हैं। अरविंद केजरीवाल को भी वो सुविधाएं मिली हुई हैं। कल जब उन्होंने इस्तीफा दिया तो सबसे पहली बात उन्होंने यही कही कि वो ये सारी सुविधाएं छोड़ देंगे। उन्होंने कहा कि वो 1 हफ्ते के अंदर अपना घर खाली कर देंगे। उनकी सुरक्षा को लेकर भी सवाल है। उन पर एक बार नहीं बल्कि कई बार हमला हुआ, हमने उन्हें बताया और समझाने की कोशिश की कि उनकी सुरक्षा खतरे में है।

आप सांसद ने आरोप लगाते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी के लोगों ने उन पर हमला किया है। हमने उन्हें समझाने की कोशिश की कि ये घर सिर्फ इसलिए जरूरी नहीं है कि वो मुख्यमंत्री हैं बल्कि उनकी सुरक्षा के लिए भी जरूरी है। लेकिन उन्होंने तय किया कि भगवान उनकी रक्षा करेंगे। उन्होंने कहा कि वो 6 महीने जेल में रहे और खूंखार अपराधियों के बीच रहे लेकिन इसके बावजूद भगवान ने उनकी रक्षा की। उन्होंने कहा कि भगवान ही उनकी रक्षा करेंगे। उन्हें घर की चिंता नहीं है। इसलिए उन्होंने घर छोड़ने का फैसला किया। वो घर छोड़कर आम लोगों के बीच रहेंगे। अभी तय नहीं है कि वो कहां रहेंगे।

Tags:    

Similar News