सड़क के डिवाइडर पर खून से लथपथ बैठे थे लड़का-लड़की, पता चला सनकी आशिक ने की चाकूबाजी, जानें प्रेम कहानी में 'हिंसा'

सिरफिरे आशिक ने अपनी गर्लफ्रेंड पर हमला करने के बाद खुद को भी उसी चाकू से घायल कर लिया;

By :  Aryan
Update: 2025-04-07 09:47 GMT

नई दिल्ली। दिल्ली में एक सनकी आशिक की सनक ने सबको चौंका कर रख दिया। दरअसल, दिल्ली कैंट इलाके में एक शख्स ने सरेआम महिला के ऊपर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। आरोपी ने एक के बाद एक ताबड़तोड़ वार किए। इसके बाद उसी चाकू से खुद को भी घायल कर लिया। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, दोनों खून से लथपथ दिखाई दे रहे हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

चाकू से किए वार

लड़के ने बीच-बीच सड़क पर ही लड़की के ऊपर चाकू से हमला किया। बताया जा रहा है कि दोनों का प्रेम संबंध है। सिरफिरे आशिक ने अपनी गर्लफ्रेंड पर हमला करने के बाद खुद को भी उसी चाकू से घायल कर लिया। जोकि उसकी सनक को बताता है।

राहगीरों ने पुलिस को मामले की जानकारी दी। इसके बाद दोनों को अस्पताल पहुंचाया गया। दोनों की हालत गंभीर बताई जा रही है और उनका इलाज किया जा रहा है। दिल्ली कैंट थाने में आरोपी के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 109(1) के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।

खून से लथपथ लड़का-लड़की

पुलिस को इस बात की सूचना एक राहगीर ने रविवार रात करीब 11 बजे दी थी। बताया जा रहा है कि लड़की की गर्दन पर गंभीर चोटें आई हैं। घटनास्थल से एक चाकू बरामद किया गया है। फिलहाल इस बात का पता नहीं चल पाया है कि यह हमला क्यों किया गया, लेकिन बताया जा रहा है कि दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था, जिसके बाद सनकी युवक ने यह खौफनाक कदम उठाया। वायरल वीडियो में पीड़ित लड़की और आरोपी लड़का खून से लथपथ हालत में सड़क के डिवाइडर पर बैठे दिखाई दे रहे हैं और उनके आसपास लोगों की भीड़ इकट्ठा है।

आम आदमी पार्टी ने किया भाजपा पर हमला

पिछले कुछ दिनों में राजधानी दिल्ली में महिलाओं के ऊपर हमले के कई मामले सामने आये हैं। बढ़ते अपराधों और दिल्ली की कानून व्यवस्था को देखते हुए आम आदमी पार्टी के द्वारा भाजपा और रेखा गुप्ता सरकार पर सवाल खड़े उठाये जा रहे हैं।

आप के ऑफिशियल एक्स हैंडल पर शेयर करते हुए लिखा गया, " पीएम मोदी और अमित शाह सुरक्षा देने में असक्षम। दिल्ली में मर्डर पर मर्डर हो रहे हैं और इनके नुमाइंदे एलजी साहब कानून व्यवस्था का काम छोड़कर गमले लगवा रहे हैं। "

अब देखना होगा कि दिल्ली में अपराधों पर लगाम लगाने के लिए सरकार क्या कदम उठाती है। 

Tags:    

Similar News