Nuh Road Accident: नूंह में भयानक सड़क हादसा, सात सफाई कर्मचारिओं की मौत, चार की हालत गंभीर
तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने सफाई कार्य में जुटे कर्मचारियों को मारी टक्कर;
नूंह। नूंह जिले में शनिवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। थाना फिरोजपुर झिरका सीमा के अंतर्गत दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर इब्राहिमबास गांव के पास तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने सफाई कार्य में जुटे कर्मचारियों को टक्कर मार दी। इस दर्दनाक हादसे में 7 सफाई कर्मचारियों की मौत हो गई। जबकि 4 अन्य कर्मचारी गंभीर रूप से घायल हैं।
कैसे हुआ हादसा?
यह भीषण हादसा शनिवार सुबह करीब 10 बजे हुआ। दरअसल, एक्सप्रेसवे पर लगभग 11 सफाई कर्मचारी सफाई कार्य कर रहे थे। तभी अचानक तेज रफ्तार पिकअप ने इन कर्मचारियों को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि 6 कर्मचारियों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। जबकि पांचों घायल कर्मचारियों को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां एक और कर्मचारी को मृत घोषित कर दिया गया। वहींं बाकी की हालत गंभीर बनी हुई है।
पुलिस की टींमें मौके पर पहुंची
इस हादसे के बाद घटनास्थल पर हडकंप मच गया और सड़क पर भारी भीड़ जमा हो गई। जिसके तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी और घायलों को अस्पताल पहुंचाने में मदद की। एंबुलेंस, रोड सुरक्षा एजेंसी के वाहन और पुलिस टीमें मौके पर पहुंचीं। हादसा इतना भयावह था कि आसपास के लोग हैरान रह गए। कई शवों के टुकड़े अलग-अलग हो गए।
पुलिस के मुताबिक अभी तक मृतकों की पहचान नहीं हुई है। फिलहाल पुलिस की जांच जारी है और पिकअप चालक के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी गई है। साथ ही सीसीटीवी फुटेज और अन्य गवाहों की मदद से हादसे की छानबीन की जा रही है।