भाजपाइयों ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय की पुण्य तिथि पर मनाया समर्पण दिवस
गाजियाबाद । भाजपा के शीर्ष नेतृत्व के आह्वान और महानगर अध्यक्ष संजीव शर्मा के नेतृत्व में सभी मंडलों में बूथ कार्यकर्ताओं के माध्यम से पंडित दीनदयाल उपाध्याय की पुण्यतिथि को समर्पण दिवस के रूप में मनाया गया। भाजपा के महानगर मीडिया प्रभारी प्रदीप चौधरी ने जानकारी देते हुए बताया कि 11 फरवरी को पंडित दीनदयाल उपाध्याय की पुण्यतिथि को भाजपा परिवार समर्पण दिवस के रूप में मना रहा है। जिसमें नेतागण एवं कार्यकर्ताओ ने श्रद्धांजलि अर्पित कर और उनके विचारों को आत्मसात करने का संकल्प लिया।भाजपा समर्पण दिवस हर साल 11 फरवरी को दीनदयाल उपाध्याय की पुण्यतिथि के अवसर पर मनाती आ रही है। दीनदयाल उपाध्याय ने भारतीय राष्ट्र के राजनीतिक परिदृश्य पर अमिट छाप छोड़ी है।
दीनदयाल उपाध्याय एक दक्षिणपंथी भारतीय राजनीतिज्ञ और विचारक थे, जो आरएसएस या राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ द्वारा समर्थित हिंदुत्व विचारधारा के समर्थक थे। वे भारतीय जनसंघ पार्टी के संस्थापक नेता थे। दीनदयाल उपाध्याय का दृष्टिकोण भारत को न केवल कृषि क्षेत्र में बल्कि रक्षा और अन्य क्षेत्रों में भी एक स्वतंत्र और आत्मनिर्भर राष्ट्र के रूप में देखना था। भाजपा परिवार देश के पीएम मोदी के शासन काल को उनके सपनों को साकार रूप देने की ओर अग्रसर सरकार के रूप में देखता है। मोदी सरकार की कार्यशैली में अंत्योदय की स्पष्ट छवि दिखाई पड़ती है जो पंडित दीनदयाल उपाध्याय के जीवन मूलाधार को पूरा करने वाला है।