बदलापुर कांड के आरोपी अक्षय शिंदे की एनकाउंटर में मौत, विपक्ष ने सरकार को घेरा, कांग्रेस ने की न्यायिक जांच की मांग

Update: 2024-09-23 17:50 GMT

मुंबई। बदलापुर के एक स्कूल में मासूम बच्चियों के साथ शोषण करने का आरोपी अक्षय शिंदे पुलिस एनकाउंटर में मारा गया है। बताया जा रहा है कि अक्षय शिंदे ने पुलिस की गाड़ी में पुलिस की रिवॉल्वर छीनकर पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी थी। जिसके बाद पुलिस टीम ने अपनी आत्मरक्षा करने में आरोपी के उपर जवाबी कार्रवाई में फायरिंग की। उसको गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया लेकिन उसकी मौत हो गई है। आरोपी के फायरिंग में एक पुलिस अधिकारी भी घायल हैं। अब इसपर सियासी घमासान शुरू हो गया है।

इस एनकाउंटर पर महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा कि बदलापुल मामले में आरोपी की पूर्व पत्नी ने लैंगिक अत्याचार का मामला दर्ज कराया था। इसमें अक्षय शिंदे को जांच के लिए ले जाया जा रहा था। इस दौरान उसने एक पुलिसकर्मी नीलेश मोरे पर गोली चलाई जो घायल हो गया उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने आत्मरक्षा में यह कार्रवाई की। जांच के बाद और जानकारी सामने आएगी।

कांग्रेस ने की  न्यायिक जांच की मांग

वहीं विपक्ष के लोग इस एनकाउंटर पर न्यायालय की जांच की मांग कर रहे है। कांग्रेस अध्यक्ष नाना पटोले ने कहा कि बदलापुर यौन उत्पीड़न मामले के आरोपी की मृत्यु की बातें सामने आ रही है। हमारी मांग है कि किसी भी आरोपी को बख्शा न जाए ताकि ऐसी घटना दोबारा न हो। सरकार मुख्य अपराधियों को बचाने का प्रयास क्यों कर रही है, न्यायिक जांच करे, यह कांग्रेस पार्टी की मांग है।

कांग्रेस नेता पृथ्वीराज चव्हाण ने कहा कि पुलिस की कहानियां एक के बाद एक बदल रही हैं, पहले कहा गया कि उसने आत्महत्या करने की कोशिश की, फिर कहा गया कि यह एक एनकाउंटर है, फिर कहा गया कि वह पुलिस पर हमला कर रहा था। एनकाउंटर किसका होता है। एनकाउंटर आतंकवादियों, अंडरवर्ल्ड के गुनहगारों का होता है। ऐसा लगता है कि शायद पुलिस किसी उच्च पद पर बैठे व्यक्ति को बचाने की कोशिश कर रही है। यह बहुत गंभीर मामला है, मुझे लगता है कि CJI को इस मामले का स्वत: संज्ञान लेना चाहिए और इस घटना को अपने हाथ में लेना चाहिए।

Tags:    

Similar News