अमेरिका से भारतीयों के निर्वासन पर संसद के बाहर विपक्ष का विरोध प्रदर्शन, जानें सासंदों ने क्यों पहनी हथकड़ियां?
नई दिल्ली। अमेरिका से 104 भारतीयों के निर्वासन और उनके साथ कथित अमानवीय व्यवहार के मुद्दे पर विपक्षी दलों ने संसद के बाहर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव, कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल, सपा सांसद धर्मेंद्र यादव और कांग्रेस सांसद गुरजीत सिंह औजला समेत कई विपक्षी सांसदों ने प्रदर्शन में हिस्सा लिया।
प्रदर्शन के दौरान कई नेताओं को हथकड़ी पहने देखा गया, जो अमेरिका में भारतीय नागरिकों के साथ किए गए कथित अमानवीय व्यवहार का प्रतीकात्मक विरोध था।
विपक्ष के आरोप
विपक्षी नेताओं ने आरोप लगाया कि अमेरिका ने निर्वासन के दौरान भारतीय नागरिकों के साथ अमानवीय व्यवहार किया, उन्हें हथकड़ी लगाई गई और सैन्य विमान में जबरन बिठाकर भेजा गया। प्रदर्शनकारी नेताओं ने मोदी सरकार से इस मुद्दे पर अमेरिका से कड़ा रुख अपनाने की मांग की। विपक्ष ने कहा कि भारत सरकार को इस अपमानजनक व्यवहार के खिलाफ आधिकारिक रूप से आपत्ति जतानी चाहिए।
कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा कि बहुत सी बातें कही गईं कि राष्ट्रपति ट्रंप और पीएम मोदी बहुत अच्छे दोस्त हैं। पीएम मोदी ने ऐसा क्यों होने दिया? क्या हम उन्हें वापस लाने के लिए अपना विमान नहीं भेज सकते थे? क्या इंसानों के साथ ऐसा व्यवहार किया जाता है? कि उन्हें हथकड़ी और बेड़ियां लगाकर वापस भेजा जाए? विदेश मंत्री और प्रधानमंत्री को इसका जवाब देना चाहिए।
वहीं, समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश ने कहा कि जो लोग भारत को विश्वगुरु बनाने का सपना दिखा रहे थे, वे अब चुप क्यों हैं? भारतीय नागरिकों को गुलामों की तरह हथकड़ी लगाकर और अमानवीय परिस्थितियों में भारत भेजा जा रहा है। विदेश मंत्रालय क्या कर रहा है? बच्चों और महिलाओं को इस अपमान से बचाने के लिए सरकार ने क्या किया? हम चाहते हैं कि सरकार इस पर जवाब दे और विपक्ष को संसद में इस मुद्दे पर चर्चा करने दे।