इंडिगो फ्लाइट की एमरजेंसी लैंडिंग, जानिए क्यों लेना पड़ा कड़ा फैसला

बुजुर्ग महिला की फ्लाइट के दौरान तबीयत बिगड़ने और मौत, उड़ान भरने के कुछ देर बाद ही अचानक खराब हो गई थी तबियत;

By :  DeskNoida
Update: 2025-04-07 19:30 GMT

रविवार रात एक बुजुर्ग महिला की फ्लाइट के दौरान तबीयत बिगड़ने और मौत हो जाने के बाद इंडिगो की एक उड़ान को महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर के चिकलठाणा हवाई अड्डे पर आपात लैंडिंग करनी पड़ी। यह जानकारी एयरपोर्ट के एक अधिकारी ने दी।

यह फ्लाइट मुंबई से वाराणसी जा रही थी। महिला की पहचान उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर निवासी 89 वर्षीय सुशीला देवी के रूप में हुई है। उड़ान भरने के कुछ देर बाद ही उनकी तबीयत अचानक खराब हो गई। पायलट ने तुरंत मेडिकल इमरजेंसी की सूचना दी और रात करीब 10 बजे फ्लाइट की इमरजेंसी लैंडिंग करवाई गई।

हालांकि, जब तक विमान की लैंडिंग के बाद मेडिकल टीम ने महिला की जांच की, तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।

घटना की सूचना पुलिस को दी गई और जरूरी प्रक्रिया पूरी होने के बाद फ्लाइट को वाराणसी के लिए रवाना कर दिया गया।

महिला का शव छत्रपति संभाजीनगर के सरकारी मेडिकल कॉलेज और अस्पताल भेजा गया है। इंडिगो एयरलाइंस ने इस बारे में जानकारी दी है।

Tags:    

Similar News