बाइक सवार दो बदमाश ने पता पूछने के बहाने दुल्हन के पिता से पैसों से भरा बैग छीना, हुआ फरार
गाजियाबाद। गाजियाबाद के लोनी के अंकुर विहार थाना क्षेत्र के सभापुर इलाके में बाइक सवार दो बदमाश दुल्हन के पिता से पैसों से भरा बैग छीन कर फरार हो गया। बैग में 2 लाख रुपए की नकदी रखी थी। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बदमाशों की तलाश कर रही है। दिल्ली के ब्रिज विहार इलाके में बिजेंद्र परिवार के साथ रहते हैं। रविवार रात उनकी बेटी की शादी थी। बिजेंद्र के बेटे विपिन कुमार ने पुलिस शिकायत में बताया कि उन्होंने अपनी बहन की शादी का अरेंजमेंट सभापुर गांव स्थित विवाह भवन में किया था। रात करीब 11:15 बजे बारात विवाह भवन से कुछ दूरी पर थी। वह, उनके पिता और अन्य रिश्तेदार बारात का स्वागत करने के लिए मैरिज हॉल के बाहर खड़े थे। इस दौरान बाइक सवार दो बदमाश उनके पास आकर रुके। बाइक सवार युवकों ने बिजेंद्र सिंह से पता पूछा। लड़की के पिता जैसे ही पता बताने लगे तभी बाइक पर पीछे बैठे बदमाश उनके हाथ से पैसों से भरा बैग छीन कर फरार हो गया। वहीं विपिन ने पुलिस को बताया कि बैग में करीब 2 लाख रुपए रखे थे। तभी उनके पिता ने शोर मचाया। जिसके बाद बाइक सवार बदमाश दिल्ली की तरफ भाग गए। इसके बाद पीड़ित ने पुलिस को मामले की जानकारी दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। अंकुर विहार के एसीपी अजय कुमार ने बताया कि सीसीटीवी के आधार पर बदमाशों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। पीड़ित की शिकायत पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। जल्द बदमाशों को गिरफ्तार किया जाएगा।