लोकसभा चुनाव 2024 :प्रियंका गांधी यूपी की सीट से लड़ सकती है चुनाव ,माँ सोनिया गांधी की सीट पर सस्पेंस बरकरार

Update: 2023-07-28 04:06 GMT

लोकसभा चुनाव में कांग्रेस की स्टार प्रचारक प्रियंका गांधी उत्तर प्रदेश से लोकसभा के सियासी संग्राम में उतर सकती हैं। जबकि कांग्रेस की पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी के रायबरेली से चुनाव लड़ने की संभावना अभी खत्म नहीं हुई है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी रायबरेली व अमेठी में पूरी तत्लीनता से जुट गई हैं। गांधी परिवार के लिए अन्य संभावित सीटों पर भी गुणा- गणित शुरू हो गया है।दरसल कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी पिछले चार लोकसभा चुनाव से रायबरेली से सांसद हैं। पिछले दिनों उनके सियासत से संन्यास लेने की चर्चा शुरू हो गई, लेकिन पार्टी के नेता इस चर्चा को एक सिरे से खारिज कर रहे हैं। क्योंकि विधानसभा चुनाव में भले ही रायबरेली के वोटर दूसरे दलों की ओर कदम बढ़ा दें, लेकिन लोकसभा में कांग्रेस के पूरी तत्परता दिखती है। ऐसे में पार्टी रायबरेली से सोनिया गांधी को उम्मीदवार मानकर चल रही है। सियासी जानकारों के अनुसार  अपरिहार्य स्थित में सोनिया गांधी ने चुनाव लड़ने से इनकार किया तो यहां से प्रियंका गांधी उम्मीदवार होंगी। इसी तरह राहुल गांधी का मामला कोर्ट में होने की वजह से प्रियंका को अमेठी से भी दावेदार बनाया जा सकता है।कांग्रेस शीर्ष नेतृत्व के नजदीकी सूत्रों का कहना है कि तीसरी रणनीति भी बनाई गई है। यदि सोनिया गांधी रायबरेली और राहुल गांधी अमेठी से मैदान में उतरते हैं तो प्रियंका गांधी को अन्य किसी सीट से मैदान में उतारा जा सकता है। इसके लिए सीटों पर वोटबैंक का मंथन चल रहा है। पार्टी के रणनीतिकारों का मानना है कि प्रियंका गांधी को उत्तर प्रदेश के लोकसभा चुनाव में उतार कर न सिर्फ सांसद संख्या बढ़ाई जा सकती है बल्कि पार्टी की ओर मतदाताओं के बढ़ते रूझान को गति दिया जा सकता है। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष बृजलाल खाबरी कहते हैं कि सोनिया गांधी का चुनाव लड़ना तय है। प्रियंका से भी उत्तर प्रदेश से चुनाव लड़ने की अपील की गई है। पार्टी प्रदेश में पूरी सक्रियता से चुनावी तैयारी कर रही हैं। रायबरेली और अमेठी में टीमें डटी हुई हैं। इन दोनों सीटों के अलावा प्रियंका गांधी के लिए दूसरी सीटों का भी आकलन किया जा रहा है। हर पहलू पर रिपोर्ट तैयार करके जल्द ही प्रियंका गांधी को रिपोर्ट सौंपी जाएगी।

Similar News