ईदगाह मैदान में नमाजियों को रोकने पर हंगामा, पुलिस से नोकझोंक, जानें पूरा मामला
संभल में ड्रोन से पूरे एरिया की निगरानी की जा रही है। पूरे इलाके में अतिरिक्त पुलिसकर्मियों की ड्यूटियां लगाई गई हैं।;
मुरादाबाद। आज ईद का त्योहार मनाया जा रहा है। मुरादाबाद से ईद के मौके पर हंगामे की खबर आई है। मिली जानकारी के अनुसार ईदगाह मैदान में नमाजियों को जाने से रोकने पर हंगामा हो गया। हालांकि इस दौरान लोगों के विरोध करने पर पुलिस से उनकी नोकझोंक हो गई। इसको लेकर पुलिस ने जानकारी देते हुए बताया कि ईदगाह के भर जाने की वजह से सुरक्षा के लिहाज से लोगों को रोका गया। हंगामे को देखते हुए मौके पर पहुंचे अधिकारियों ने लोगों को समझा कर शांत करवाया।
सड़क से लेकर छत तक पुलिस तैनात
बता दें कि इसके बाद दोबारा नमाज अदा करवाई गई। मौके पर पहुंचकर एसएसपी समेत अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने पूरे मामले का जायजा लिया। वहीं प्रशासन द्वारा लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की गई है। ईद की नमाज के लिए ईदगाह पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। सड़क से लेकर छत तक पुलिस कर्मियों को तैनात किया गया है।
संभल में सुरक्षा के कड़े इंतजाम
दरअसल, डीएम अनुज सिंह और एसएसपी सतपाल अंतिल पूरे मामले में नजर बनाए हुए हैं। संभल में ड्रोन से पूरे एरिया की निगरानी की जा रही है। पूरे इलाके में अतिरिक्त पुलिसकर्मियों की ड्यूटियां लगाई गई हैं।
ईद की नमाज को देखते हुए शहर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। यातायात पुलिस ने रूट डायवर्जन प्लान तैयार किया है। आज दोपहर बारह बजे तक शहर में रोडवेज बस समेत सभी तरह के भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। वहीं ईदगाह रोड और उसके आसपास की सड़कों पर सभी तरह के वाहनों के संचालन पर भी प्रतिबंध रहेगा।
वाहनों को रोकने के लिए शहर में जगह-जगह बैरियर लगाकर पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। संभल चौराहे से लोग पैदल ही ईदगाह की ओर जा सकेंगे जबकि दोपहर 12 बजे के बाद यातायात सामान्य हो जाएगा।