UP BUDGET:युवाओं को मिलेगा ब्याजमुक्त लोन तो छात्राओं को स्कूटी, 58 नगर पालिकाओं को बनाया जाएगा स्मार्ट सिटी
लखनऊ। उत्तर प्रदेश की योगी सरकार का 9वां बजट पेश किया। वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने आठ लाख, आठ हजार 736 करोड़ का बजट पेश किया है। वित्तमंत्री सुरेश खन्ना विधानसभा में वित्तीय वर्ष 2025-2026 के लिए बजट पेश करते हुए कई बड़े ऐलान किए हैं। जिसमें यूपी सरकार की ओर से मेधावी छात्राओं को पात्रता के आधार पर स्कूटी दी जाएगी। इसके अलावा युवाओं को ब्याजमुक्त लोन दिया जाएगा। चार नए एक्सप्रेसवे का भी ऐलान किया गया है। वहीं 58 नगर पालिकाओं को स्मार्ट सिटी बनाया जाएगा। नहरों एवं सरकारी नलकूपों से किसानों को मुफ्त पानी की सुविधा हेतु 1300 करोड़ रुपये की बजट व्यवस्था प्रस्तावित है। प्रदेश के 1750 असफल नलकूपों के पुनर्निर्माण हेतु 200 करोड़ रुपये की व्यवस्था प्रस्तावित है। डार्क जोन के असफल 569 नलकूपों के लिये लगभग 9 करोड़ रुपये की व्यवस्था की गई है। प्रदेश सरकार द्वारा 1551 बाढ़ परियोजनायें पूर्ण की गयी जिससे 32.87 लाख हेक्टेयर क्षेत्र सुरक्षित हुआ है तथा करोड़ों की आबादी लाभान्वित हुई है।
प्रदेश की अर्थव्यवस्था को किया दोगुना-वित्त मंत्री सुरेश खन्ना
वहीं मध्य गंगा नहर परियोजन स्टेज-2, कनहर सिंचाई परियोजना, महाराजगंज में रोहिन नदी बैराज के पूर्ण होने पर 4.74 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचन क्षमता सृजित होगी। जिससे 6.77 लाख कृषक लाभान्वित होंगे। विभिन्न जनपदों में 6,600 राजकीय नलकूपों के आधुनिकीकरण, 2100 नवीन राजकीय नलकूपों के निर्माण तथा डार्क जोन में स्थित 569 असफल राजकीय नलकूपों के पुनर्निर्माण का कार्य प्रगति पर है। इन कार्यों से लगभग 238 लाख हेक्टेयर सिंचन क्षमता की पुनर्स्थापना होगी तथा लगभग 2.12 लाख कृषक परिवार लाभान्वित होंगे। यूपी सरकार ने वर्ष 2025-26 के लिए प्रदेश का बजट पेश किया है। वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने अपने भाषण मे कहा कि योगी सरकार में प्रदेश में आर्थिक उन्नति हुई है। यही कारण है कि प्रति व्यक्ति आय में भी इजाफा हुआ है। उन्होंने कहा कि वित्तीय वर्ष 2016-2017 में प्रदेश की प्रति व्यक्ति आय मात्र 52,671 रुपये थी। मात्र तीन वर्ष की अवधि में प्रति व्यक्ति आय 2019-2020 में बढ़कर 65,660 रुपये के स्तर पर पहुंच गई। कोविड महामारी के कारण पूरे विश्व की अर्थव्यवस्था को झटका लगा। इसके बाद मात्र तीन साल में 14.9 प्रतिशत अप्रत्याशित वार्षिक बढ़ोतरी दर प्राप्त करते हुए हम प्रति व्यक्ति आय को वर्ष 2023-2024 में 93,514 रुपये के स्तर पर ले आए हैं। वित्तमंत्री ने अपने भाषण में कहा कि वर्ष 2017-2018 में जब प्रदेश वासियों की सेवा का अवसर हमें प्राप्त हुआ तो प्रदेश की अर्थव्यवस्था पूरी तरह बदहाल थी, जीएसडीपी मात्र 12.89 लाख करोड़ रुपये के स्तर पर था। हमारी सरकार के कार्यकाल में हमने प्रदेश की अर्थव्यवस्था को दोगुना कर दिया है।कानून व्यवस्था, बिजली आपूर्ति में सुधार हुआ है।