हबल टेलीस्कोप की 35वीं वर्षगांठ पर नासा ने साझा की अंतरिक्ष की अद्भुत तस्वीरें...
नई दिल्ली (शुभांगी)। अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी NASA ने अपने प्रतिष्ठित हबल स्पेस टेलीस्कोप की 35वीं वर्षगांठ के अवसर पर ब्रह्मांड की दुर्लभ और आकर्षक तस्वीरें जारी की हैं। इन तस्वीरों में हमारे सौर मंडल के ग्रहों से लेकर दूर स्थित आकाशगंगाओं तक के दृश्य शामिल हैं, जिन्हें देखकर वैज्ञानिक ही नहीं, आम लोग भी रोमांचित हो रहे हैं।
हबल टेलीस्कोप को पहली बार 24 अप्रैल 1990 को पृथ्वी की कक्षा में स्थापित किया गया था। तब से यह टेलीस्कोप ब्रह्मांड की रहस्यमयी दुनिया को समझने का जरिया बना हुआ है। NASA के अनुसार, हबल अब तक लगभग 1.7 मिलियन अवलोकन कर चुका है और इससे जुड़े शोधों के आधार पर 22,000 से अधिक रिसर्च पेपर प्रकाशित हो चुके हैं।
अंतरिक्ष की अद्भुत झलक
NASA द्वारा जारी की गई पहली तस्वीर में मंगल ग्रह को एक दुर्लभ नीले रंग में दर्शाया गया है। यह चित्र दिसंबर 2024 में लिया गया था, जिसमें ग्रह के वातावरण में मौजूद बर्फीले बादलों को हबल की अल्ट्रावायलेट क्षमता की मदद से देखा जा सकता है।
दूसरी तस्वीर एक दूर स्थित ग्रहीय नाब्युला NGC 2899 की है, जो रंग-बिरंगे और पतंग जैसे आकार में दिखाई देती है। वैज्ञानिकों के अनुसार यह दृश्य एक मरते हुए तारे से निकल रही विकिरण और सौर हवाओं के कारण बना है।
तीसरी तस्वीर में रोजेट नाब्युला दिखाई गई है, जो तारे बनने वाले क्षेत्र का एक छोटा सा भाग है। इसमें हाइड्रोजन गैस के गहरे बादलों को धूल के साथ मिलते हुए देखा जा सकता है।
अंत में, NGC 5335 नामक एक आकाशगंगा की तस्वीर भी साझा की गई है, जिसे एक उलझी हुई सर्पिल गैलेक्सी के रूप में जाना जाता है। इस गैलेक्सी में तारा निर्माण की धाराएं इसकी डिस्क में फैली हुई दिखाई देती हैं और बीच में एक उज्ज्वल पट्टी मौजूद है।
ब्रह्मांड को समझने की दिशा में मील का पत्थर
NASA के वैज्ञानिकों का कहना है कि हबल आज भी सक्रिय है और लगातार ऐसे अवलोकन कर रहा है जो ब्रह्मांड की हमारी समझ को नई दिशा दे रहे हैं। इसके द्वारा जुटाए गए आंकड़े और चित्र नई अंतरिक्ष वेधशालाओं के लिए आधार का काम कर रहे हैं।