महाकुंभ के दौरान 'वायरल गर्ल मोनालिसा' को फिल्म ऑफर करने वाले निर्देशक रेप के आरोप में गिरफ्तार, जानें पूरा मामला
नई दिल्ली। महाकुंभ 2025 से वायरल हुई मोनालिसा को फिल्म ऑफर किया गया था। फिल्म के निर्देशक अब जेल में हैं। दरअसल, निर्देशक सनोज मिश्रा पर गंभीर आरोप लगा है। वहीं दुष्कर्म के आरोप में दिल्ली उच्च न्यायालय द्वारा उनकी जमानत याचिका खारिज किए जाने के बाद यह गिरफ्तारी की गई है।
कई धाराओं में एफआईआर दर्ज
बता दें कि निर्देशक पर एक 28 वर्षीय महिला ने आरोप लगाया है कि सनोज ने उसके साथ चार साल तक रेप किया है। फिल्म अभिनेत्री बनने की ख्वाहिश रखने वाली महिला ने उनको लेकर दावा किया कि वह इस दौरान मुंबई में निर्देशक के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में थी। महिला ने निर्देशक पर यह आरोप भी लगाया कि सनोज मिश्रा ने उसे तीन बार गर्भपात कराने के लिए मजबूर किया।
पीड़ित महिला ने पुलिस को दिए अपने बयान में सनोज मिश्रा पर शादी करने के वादे से मुकरने का भी आरोप लगाया। दिल्ली पुलिस के एक बयान के अनुसार 6 मार्च 2024 को बलात्कार, मारपीट, गर्भपात कराने और धमकी देने सहित कई धाराओं में एफआईआर दर्ज की गई थी।
वहीं दिल्ली उच्च न्यायालय ने इस मामले पर मिश्रा की जमानत याचिका को खारिज कर दिया, जिसके बाद उनकी गिरफ्तारी हुई है।
मोनालिसा को सनोज मिश्रा ने की थी फिल्म ऑफर
बता दें कि महाकुंभ 2025 के दौरान वायरल हुई मोनालिसा को सनोज मिश्रा ने अपनी फिल्म ऑफर की थी। इस घोषणा के बाद से ही वह चर्चा में आए थे। सोशल मीडिया पर निर्देशक के ऊपर लगे पहले से आरोपों को भी खूब उछाला गया और उनकी आलोचना की गई। हालांकि अब ऐसा लगता है कि मोनालिसा का करियर अधर में लटक गया है। वहीं यह पहली बार नही जब सनोज पर आरोप लगे हैं। इससे पहले भी लगातार विवाद में रहे हैं।