Delhi Metro: होली पर दोपहर तक थमी रहेगी दिल्ली मेट्रो की रफ्तार, जानें कितने बजे शुरू होंगी सेवाएं?
नई दिल्ली। 14 मार्च को देशभर में होली का त्योहार धूमधाम से मनाया जाएगा। लोग रंग में सराबोर होंगे और अपनों के साथ त्योहार मनाएंगे। ऐसे में होली के दिन दिल्ली मेट्रो की रफ्तार भी दोपहर तक थमी रहेगी। 14 मार्च को मेट्रो की सेवाएं दोपहर 2.30 बजे से शुरू होगी। इस बात की जानकारी खुद DMRC ने अपने आधिकारिक एक्स अकाउंट पर दी है। DMRC की तरफ से पोस्ट कर जानकारी दी गई है कि 14 मार्च को होली के दिन दिल्ली मेट्रो की सेवाएं दोपहर 2.30 बजे शुरू होगी।
14 मार्च को होली के अवसर पर कितने बजे चलेगी मेट्रो
दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन ने अपने ट्वीट में लिखा 'होली के दिन मेट्रो सेवा दोपहर 2.30 बजे से शुरू होगी। होली के त्योहार के कारण 14 मार्च 2025, शुक्रवार को एयरपोर्ट एक्सप्रेस लाइन समेत सभी लाइनों पर दोपहर 2.30 बजे तक मेट्रो सेवा बाधित रहेगी। हालांकि 2.30 बजे के बाद सामान्य रूप से मेट्रो सेवा चालू हो जाएगी।' रोजाना सुबह 6 बजे से दिल्ली मेट्रो की सेवाएं शुरू हो जाती हैं। हालांकि त्योहारों के समय पर मेट्रो के समय में कई बार बदलाव किया जाता है।
पिछले साल भी दोपहर बाद शुरू हुई थीं मेट्रो सेवाएं
बता दें कि हर साल होली के त्योहार पर मेट्रो की सेवाएं इसी तरह से शुरू होती हैं। होली के अवसर पर मेट्रो का इस्तेमाल करने वाले लोगों को ज्ञात होगा कि पिछले साल 25 मार्च को होली के अवसर पर भी मेट्रो की सेवाएं दोपहर 2.30 बजे शुरू हुई थीं। पिछले साल दिल्ली मेट्रो की तरफ से जानकारी दी गई कि होली के अवसर पर सुबह के समय मेट्रो नहीं चलेगी।
सभी लाइनों पर होली की एक रात पहले यानी 24 मार्च रात 11.30 बजे के बाद मेट्रो नहीं चलेगी। होली के अवसर पर मेट्रो का रखरखाव किया जाता है। इस दौरान मेट्रो लाइन रखरखाव से लेकर मेट्रो ट्रेन की मरम्मत तक का काम किया जाता है। इस साल 14 मार्च को होली का त्योहार मनाया जाएगा। इस दिन लोग रंग-गुलाल खेलकर होली का त्योहार मनाएंगे।