गर्मी के मौसम में दही के फायदे, जानें दही में नमक या चीनी –क्या है बेहतर?
दही में मौजूद प्रोबायोटिक्स, कैल्शियम, विटामिन B12, पोटेशियम और प्रोटीन शरीर को अंदर से ठंडक देने में मदद करते हैं।;
नई दिल्ली। गर्मी का मौसम आते ही खाने-पीने की आदतों में बदलाव जरूरी हो जाता है। ऐसे मौसम में कुछ चीजें हमें ठंडक देती हैं, शरीर को हाइड्रेट रखती हैं और पाचन को भी दुरुस्त करती हैं। इन्हीं में से एक है दही। जो न सिर्फ स्वाद में लाजवाब है बल्कि सेहत का खजाना भी है। इसके कई आयुर्वेदिक फायदे भी हैं। लेकिन आयुर्वेद के मुताबित दही से पेट को ठंडक मिलती है।
गर्मियों में सुपरफूड है दही
दही में मौजूद प्रोबायोटिक्स, कैल्शियम, विटामिन B12, पोटेशियम और प्रोटीन शरीर को अंदर से ठंडक देने में मदद करते हैं। ये न सिर्फ पेट को ठंडा रखते हैं, बल्कि पाचन क्रिया को बेहतर बनाते हैं, इम्यून सिस्टम मजबूत करते हैं और त्वचा को भी निखारते हैं।
दही के फायदे
दही के बहुत से फायदे होते है। जैसे-
1. वजन करे कंट्रोल- दही एक कम वसा और कम कैलोरी वाला भोजन है, जो वजन कंट्रोल में रखता है। क्योंकि यह प्रोटीन का एक अच्छा स्रोत है, इसलिए यह आपको लंबे समय तक भरा हुआ रखने में मदद करता है। दही में मौजूद कैल्शियम पैराथाइरॉइड हार्मोन के उत्पादन को कम करके वजन कंट्रोल करने में अहम भूमिका निभाता है।
2.तनाव करे कम- दही में ट्रिप्टोफैन नामक एक एमिनो एसिड होता है, जो तनाव और चिंता को कम करने के लिए जाना जाता है। दही का सेवन करने से मानसिक स्वास्थ्य में सुधार होता है और अवसाद और चिंता का जोखिम कम होता है।
3.हड्डियां बनाए मजबूत- दही में कैल्शियम होता है, जो आपकी हड्डियों और दांतों को मजबूत बनाने में बहुत बड़ी भूमिका निभाता है। इसमें फॉस्फोरस भी होता है, जो कैल्शियम के साथ मिलकर हड्डियों के विकास को बढ़ावा देता है।
दही में नमक या चीनी – क्या है ज्यादा बेहतर?
नमक दही
दही में नमक मिलाकर खाना एक पारंपरिक तरीका है। खासतौर पर दोपहर के भोजन में रायता, लस्सी या दही-चावल में नमक का इस्तेमाल आम है।
फायदे:
-नमक वाला दही पाचन को बढ़ावा देता है।
-इसमें काली मिर्च, भुना जीरा, या पुदीना पाउडर मिलाने से गैस, अपच जैसी समस्याओं में राहत मिलती है।
-लू लगने से बचाता है।
-शरीर में इलेक्ट्रोलाइट संतुलन बनाए रखता है।
कब खाएं?
दोपहर के खाने के साथ खाएं।
चीनी दही
मीठा दही या चीनी मिला कर खाया गया दही बच्चों और मीठा पसंद करने वालों की पहली पसंद होता है।
फायदे:
-जल्दी एनर्जी देता है
-मुंह का स्वाद बदलता है
-शरीर को तुरंत ठंडक देता है
-तनाव और चिड़चिड़ापन कम करता है
कब खाएं?
सुबह के नाश्ते में जब शरीर थका हुआ लगे या मीठा खाने का मन हो तब खाएं।
किसे दही खानी चाहिए किसे नहीं खानी चाहिए?
अगर आपकी पाचन अग्नि तेज और सही है तो आप दही का भी सेवन कर सकते हैं। हालांकि दही में ज्यादा प्रोटीन होता है। मलाई और क्रीमी होने के कारण दही खाने से वजन भी बढ़ सकता है। अगर आप वजन घटाना चाहते हैं तो दही की बजाय डाइट में छाछ शामिल करें।
क्या बेहतर दही या छाछ?
दही का तासीर गर्म होता है। अगर आप दही की जगह इसे पतला करके छाछ या रायता बनाकर पीते हैं तो इसकी तासीर बदल जाती है। छाछ की तासीर ठंडी और जल्दी पचने वाली हो जाती है। इसलिए गर्मी में दही की बजाय आपको खाने में छाछ या फिर मट्ठा और रायता शामिल करना चाहिए। खाने के साथ मसालेदार छाछ या रायता ज्यादा स्वादिष्ट लगता है। आप इस मौसम में पुदीने वाला रायता, खीरे का रायता या फिर प्याज का रायता बनाकर पी सकते हैं।