कांग्रेस अध्यक्ष खरगे बिहार दौरे पर, बदला कार्यक्रम, आज पटना नहीं बक्सर में जनसभा को संबोधित करेंगे
बक्सर। बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे बिहार दौरे पर जनसभा को संबोधित करेंगे। कांग्रेस की पूरी टीम बिहार विधानसभा चुनाव में लगी हुई है। इससे पहले राहुल गांधी, सचिन पायलट जैसे कई बड़े कांग्रेस नेता बिहार में जनसभा कर चुके हैं। भारतीय जनता पार्टी समेत अन्य पार्टी भी बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर तैयारी में जुटी हुई है।
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे आज एक दिवसीय बिहार दौरे पर आ रहे हैं। वह बक्सर में आज दोपहर जनसभा को संबोधित करेंगे। इसके लिए बिहार प्रदेश कांग्रेस की ओर से सारी तैयारियां पूरी कर ली गई है। बिहार दौरे से पहले उन्होंने केंद्र सरकार पर जमकर निशाना साधा। कहा कि कैसे बड़े षडयंत्र के तहत नेशनल हेराल्ड मामले में सोनिया गांधी और राहुल गांधी का नाम चार्जशीट में डाल दिया गया है। यह लोग किसी का भी नाम डाल दें हम डरने वाले नहीं है। इसमें कोई शक नहीं कि यह सब बदले की भावना से किया जा रहा है। हमें लोगों के बीच जाकर उनको अपने पक्ष से अवगत कराना होगा और भाजपा के षडयंत्र को बेनकाब करना होगा।
हालांकि उनके कार्यकम में एक बदलाव हुआ है। खरगे पटना में एक कार्यक्रम में शामिल होने वाले थे लेकिन, किसी कारण इसमें बदलाव कर दिया गया है। इससे पहले सात अप्रैल को सांसद राहुल गांधी बिहार आए थे। 11 अप्रैल को पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट आए थे। राहुल गांधी बेगूसराय में पदयात्रा के बाद वह पटना में एक कार्यक्रम में शामिल हुए थे। राहुल गांधी ने बिहार में कांग्रेस पार्टी की भूमिका बताते हुए कहा था कि गरीब, कमजोर, ईबीसी, ओबीसी, दलित और सामान्य लोगों को जोड़कर इज्जत देकर आगे बढ़ाना ही कांग्रेस पार्टी का काम है।