मुख्यमंत्री पद एक, नाम-नौ : जानें दिल्ली के सीएम और 6 मंत्रियों को चुनने के लिए कैसी चल रही है रस्साकशी!
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अमेरिका से भारत लौटते ही दिल्ली की गद्दी के लिए हलचल तेज हो गई है। दरअसल मुख्यमंत्री, मंत्री और स्पीकर के पद पर मोहर पीएम मोदी ही लगाएंगे इसलिए उनका अमेरिका से लौटने का बेसब्री से इंतजार किया जा रहा था। अब उनके लौटते ही सीएम के नाम की घोषणाओं का काउंटडाउन शुरू हो गया है, वहीं सीएम के रेस में चल रहे नेताओं की धड़कनें बढ़ गई हैं।
बता दें कि दिल्ली विधानसभा का चुनाव 5 फरवरी को हुआ था। 8 फरवरी को मतगणना का परिणाम आया था जिसमें भाजपा को 48 सीटें मिली थीं। इन 48 सीटों में कोई एक भी सीएम फेस नहीं है, चुनाव के पहले भी नहीं था। हालांकि अब प्रधानमंत्री के भारत लौटने के साथ ही मुख्यमंत्री के नाम का फैसला जल्द हो जाएगा। कई नाम सामने आए हैं और उन नाम के बीच काट छांट चल रही है।
भाजपा सूत्रों की मानें तो सीएम पद के लिए पहले चरण में 15 नाम चुने गए। इनमें से 6 नाम काट दिए गए। अब जो नाम बचे हैं, इन्हीं 9 नाम पर मंथन चल रहा है। इनमें से कोई एक नाम मुख्यमंत्री के लिए तय किया जाएगा लेकिन अभी तक यह नाम फाइनल नहीं हो सका है।
मुख्यमंत्री पद के रेस में प्रवेश वर्मा, पवन शर्मा, वीरेंद्र सचदेवा, मनोज तिवारी जैसे कई दिग्गज शामिल हैं। इनमें से प्रवेश वर्मा का नाम काफी आगे चल रहा है। दरअसल प्रवेश वर्मा के पिता एवं दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री साहब सिंह वर्मा थे। ईमानदारी और विकास कार्य के लिए साहब सिंह का कद सदा ऊंचा रहा। वही प्रवेश वर्मा भी ऐसे नेता हैं जिन्होंने कभी चुनाव नहीं हारी। यह जाटों के भी बड़े नेता हैं। लेकिन पिछले वर्षों में कई राज्यों में भाजपा के ऐसे नेता मुख्यमंत्री बनाए गए जिनकी कभी किसी ने कल्पना भी नहीं की थी तो कुछ ऐसा ही दिल्ली के साथ हो जाए, सो इस बारे में कुछ स्पष्ट कहना मुमकिन नहीं है।
वहीं भाजपा सूत्रों का कहना है कि पहले चरण में 6 मंत्रियों को चुना जाएगा। इनको चुनने के लिए भी रस्साकशी चल रही है जबकि स्पीकर के लिए भी नेता खोजा जा रहा है।