छत्तीसगढ़ निकाय चुनाव में बीजेपी की ऐतिहासिक जीत, कांग्रेस का सूपड़ा साफ

By :  Aryan
Update: 2025-02-15 13:16 GMT

छत्तीसगढ़। छत्तीसगढ़ के नगरीय निकाय चुनावों में भारतीय जनता पार्टी ने ऐतिहासिक प्रदर्शन करते हुए 10 में से 10 नगर निगमों पर कब्जा जमा लिया है। कांग्रेस को करारी शिकस्त का सामना करना पड़ा और उसका खाता भी नहीं खुल पाया।

रायपुर नगर निगम चुनाव में बीजेपी की मीनल चौबे ने सबसे बड़ी जीत दर्ज की। 1,53,290 वोटों से जीतकर इतिहास रच दिया है। कुल 3,15,835 वोट हासिल किए। अब तक नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष रहीं, तीन बार पार्षद रह चुकी हैं। रायपुर के 70 वार्डों में से 60 पर बीजेपी ने कब्जा किया है। कांग्रेस सिर्फ 7 वार्डों में सिमट गई। 3 वार्डों में निर्दलीय प्रत्याशी जीते। कोरबा नगर निगम में भी बीजेपी की जीत हुई है। महापौर पद पर भाजपा प्रत्याशी संजू देवी राजपूत ने जीत दर्ज की।

छत्तीसगढ़ निकाय चुनाव में बीजेपी ने प्रदेश में अपनी पकड़ मजबूत कर ली है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रदेश की जनता का आभार जताते हुए इसे जनता का विश्वास और विकास की जीत बताया।

कुनकुरी नगर पंचायत में कांग्रेस के विनयशील गुप्ता ने जीत दर्ज कर बीजेपी को चौंका दिया। 81 वोटों से कांग्रेस को जीत मिली। बीजेपी ने रायपुर, दुर्ग, रायगढ़, चिरमिरी, धमतरी, राजनांदगांव, अंबिकापुर, जगदलपुर और कोरबा सहित 10 नगर निगमों पर विजय प्राप्त की। कांग्रेस कोई सीट नहीं जीत पाई।

Tags:    

Similar News