रुद्रप्रयाग: पौधारोपण कर रही महिलाओं पर गुलदार ने किया हमला, भगदड़, एक महिला लहूलुहान, लोगों में दहशत

Update: 2023-08-11 12:01 GMT
रुद्रप्रयाग: पौधारोपण कर रही महिलाओं पर गुलदार ने किया हमला, भगदड़, एक महिला लहूलुहान, लोगों में दहशत
  • whatsapp icon

बसुकेदार उपतहसील के डांगी-सिंगहटा गांव में पौधारोपण कर रही महिलाओं पर गुलदार ने हमला कर दिया। इस घटना में 40 वर्षीय महिला सम्पदा देवी गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसे परिजनों ने सीएचसी अगस्त्यमुनि में भर्ती कराया है. गुलदार के हमले के बाद इलाके के लोगों में दहशत का माहौल है. उन्होंने वन विभाग से गुलदार को पकड़ने के लिए पिजड़ा लगाने की मांग की है।

शुक्रवार को संपदा देवी पत्नी ताजबर सिंह गांव की अन्य महिलाओं के साथ प्राथमिक विद्यालय डांगी के पास खेत में पौधे लगा रही थीं। तभी झाड़ियों में छुपे गुलदार ने महिलाओं के समूह पर हमला कर दिया. इस दौरान अन्य महिलाएं चीखते हुए इधर-उधर भाग गईं। लेकिन गुलदार ने सम्पदा देवी पर पंजों से कई वार कर लहूलुहान कर दिया।

सिर पर टांके, हाथ-पैर पर जख्म

महिलाओं की सूचना पर घायलों के परिजन और अन्य लोग मौके पर पहुंचे और उन्हें तत्काल सीएचसी अगस्त्यमुनि ले गए। जहां प्राथमिक उपचार के बाद स्थिति में सुधार है। डॉक्टर ने बताया कि महिला के सिर पर टांके आए हैं। साथ ही हाथ-पैरों पर भी घाव हैं। उधर, रुद्रप्रयाग वन प्रभाग के रेंजर यशवंत सिंह चौहान ने अस्पताल पहुंचकर महिला का कुशलक्षेम पूछा। वहीं, ग्राम प्रधान सतेंद्र राणा ने वन विभाग से पिंजरा लगाने की मांग की है. उन्होंने कहा कि स्कूल के समीप हुई इस घटना के बाद ग्रामीणों में अपने बच्चों की सुरक्षा को लेकर भय उत्पन्न हो गया है.|

Tags:    

Similar News