उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग पर लैंडस्लाइड, मलबे में दबकर पांच श्रद्धालुओं की मौत, बचाव कार्य जारी

Update: 2024-09-10 07:44 GMT

रुद्रप्रयाग। मूसलाधार बारिश के कारण उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जिले में सोनप्रयाग क्षेत्र के पास भूस्खलन में मलबे में दबकर पांच श्रद्धालुओं की मौत हो गई। वहीं तीन घायलों को बचा लिया गया है। मारे गए लोग बाबा केदार के दर्शन के लिये जा रहे थे। वहां पर राहत और बचाव कार्य जारी है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार सोनप्रयाग और गौरीकुंड के बीच मुनकटिया के समीप सोमवार देर शाम हुए भूस्खलन के मलबे में और लोगों के भी दबे होने की आशंका है। जिसके बाद बचाव कार्य शुरू हुआ। खराब मौसम, बर्फबारी, अंधेरे और घटनास्थल पर लगातार मलबा और पत्थर गिरने के कारण सोमवार की रात को रेस्क्यू रोकना पड़ा था। मंगलवार को सुबह मौसम ठीक होने के बाद राहत अभियान को फिर शुरू किया गया। इस दौरान मलबे से तीन महिलाओं समेत कुल पाच श्रद्धालुओं के शव निकाले गए।

मजिस्ट्रेट श्याम सिंह राणा ने कहा कि सुबह बरामद हुए शवों की पहचान मध्य प्रदेश के घाट जिले के नेपावाली की रहने वाली दुर्गाबाई खापर (50), नेपाल के धनवा जिले के वैदेही गांव की रहने वाली तितली देवी मंडल (70), मध्य प्रदेश के धार जिले के झिझोरा की रहने वाली समनबाई (50) और गुजरात के सूरत के खटोदरा के रहने वाले भारत भाई निरालाल (52) के रूप में हुई है। इससे पहले सोमवार रात को घटनास्थल से मध्य प्रदेश के धार जिले के रहने वाले गोपालजी (50) का शव बरामद किया गया था।

वहीं उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर पोस्ट कर मृतकों के प्रति शोक जताया है। उन्होंने लिखा है कि सोनप्रयाग-मुनकटिया(रुद्रप्रयाग) के बीच मलबा आने से कुछ यात्रियों के दबे होने की अत्यंत दुःखद सूचना प्राप्त हुई। स्थानीय प्रशासन, NDRF और SDRF की टीमें राहत और बचाव कार्यों में जुटी हुई हैं। स्वयं भी संबंधित अधिकारियों के संपर्क में हूं और रेस्क्यू ऑपरेशन की मॉनिटरिंग कर रहा हूं।

Tags:    

Similar News