महिला की छत से गिरने पर मौत, परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया

By :  Neeraj Jha
Update: 2024-05-07 07:26 GMT

-लोनी बॉर्डर थाना क्षेत्र के न्यू इंद्रप्रस्थ विहार कॉलोनी का मामला

विपिन तोड़ (सिटीजन रिपोर्टर)

गाजियाबाद। गाजियाबाद के थाना लोनी बॉर्डर के न्यू इंद्रप्रस्थ बिहार कॉलोनी में एक महिला की छत से गिरने पर मौत हो गई। महिला के परिजनों ने ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए महिला की हत्या का आरोप लगाया। उन्होंने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। छत से गिरने के बाद ससुराल पक्ष के लोग महिला को अस्पताल ले गए थे। पुलिस ने एक आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की।

जिला बदायूं के गढ़िया थाना जरीफ नगर में रहने वाली युवती शशि 24 की शादी उसके पिता ने लोनी में रहने वाले संदीप उर्फ मोनू के साथ की थी। करीब पांच माह पहले शादी हुई थी। सोमवार रात शशि पहली मंजिल से नीचे गिर गई। ससुराल पक्ष के लोगों ने शशि को पहले प्राइवेट हॉस्पिटल लोनी में दिखाया। हालत गंभीर होने पर शशि को दिल्ली के बड़े अस्पताल ले गए। उपचार के दौरान डॉक्टर ने शशि को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद ससुराल पक्ष के लोगों और पुलिस को सूचना दी गई।

शशि के पिता का आरोप है कि उन्होंने शादी में बहुत खर्चा किया था। लेकिन ससुराल पक्ष के लोग गाड़ी की मांग कर रहे थे। उन्होंने पुलिस को शिकायत देकर दहेज की मांग पूरी न होने पर हत्या को अंजाम देने का आरोप लगाया। एसीपी अंकुर विहार भास्कर वर्मा ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत के कारण का पता चलेगा। परिजनों की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज की जा रही है। एक आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। जल्द मामले का खुलासा किया जाएगा।


Tags:    

Similar News