नहीं मिलेगा निमंत्रण तो भी जाएंगे राम मंदिर, सरकार सदन में चर्चा से डरती है

By :  SaumyaV
Update: 2023-12-26 07:29 GMT

मैनपुरी पहुंचीं डिंपल यादव ने कहा कि निमंत्रण नहीं मिलेगा तो भी राम मंदिर जाएंगे। कहा कि सांसदों का निलंबन दुर्भाग्यपूर्ण घटना है। 

 उत्तर प्रदेश के मैनपुरी पहुंचीं सपा सांसद डिंपल यादव ने कहा कि राम मंदिर उद्घाटन कार्यक्रम का निमंत्रण अगर नहीं मिलता है तो भी हम जाएंगे। भले ही निर्धारित तिथि के बाद जाएं। आराध्य को राजनीति में नहीं बांधना चाहिए। पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव को नहीं बुलाने की मांग भाजपा की सोच को उजागर करती है। भगवान राम की बात करना ही पर्याप्त नहीं है उनके आदर्श को भी अपने जीवन में उतारना चाहिए। 

सोमवार की शाम को सांसद डिंपल यादव सपा महिला सभा की जिलाध्यक्ष ज्योती मैसी के आवास पर पत्रकारों से वार्ता कर रही थी। उन्होंने कहा कि देश की संसद से 142 सांसदों का एकसाथ निलंबन दुर्भाग्यपूर्ण घटना है। विश्व में ऐसा किसी भी देश में नहीं हुआ है। सरकार पूरी तरह डरी हुई है। केंद्र की भाजपा सरकार ने पांच साल के कार्यकाल में ईडी, सीबीआई, आयकर टीम का जमकर दुरुपयोग किया है।

सदन में चर्चा से डरती सरकार

कहा कि सरकार सच बात सुनना नहीं चाहती है। सदन में चर्चा कराने से डरती है। तमाम तरह की बातों को उछालकर जनता का ध्यान भटकाया जा रहा है। सरकार पांच किलो आटा देने का दावा तो करती है लेकिन बेरोजगारों को नौकरी देने की दिशा में कदम नहीं बढ़ाना चाहती है।

सांसद डिंपल यादव ने कहा कि कुश्ती संघ के अध्यक्ष के चुनाव में भी सरकार के लोग शामिल रहे हैं। सांसद ब्रजभूषण सिंह के करीबी को ही अध्यक्ष बनवा दिया गया है। आतंकी हमले में चार जवानों और तीन नागरिकों की हत्या सरकार के दावों की पोल खोल रही है। सरकार जहां पत्थर तक नहीं चलने का दावा कर रही है वहीं आतंकी सेना के जवानों की हत्या कर रहे हैं। सरकार को आतंकवाद के मामले में तथ्य देश की जनता के सामने लाने चाहिए।

यह लोग रहे मौजूद

इस दौरान सपा जिला अध्यक्ष आलोक शाक्य, विधायक किशनी बृजेश कठेरिया, पूर्व सदर विधायक राजकुमार यादव, जिला महासचिव रामनारायण बाथम, सुबोध यादव, उपदेश यादव, कमल वर्मा, मानवेंद्र सिंह, देवेंद्र यादव एडवोकेट, देवेंद्र यादव आदि मौजूद रहे।

Tags:    

Similar News