गाजियाबाद में तापमान गिरा तो अस्पताल में कम पहुंचे मरीज, मौत का सिलसिला भी थमा

By :  Neeraj Jha
Update: 2024-06-22 05:55 GMT

गाजियाबाद। गाजियाबाद जिले में बीते दो दिन से चली आंधी व हुई हल्की बारिश के बाद मौसम के तापमान में गिरावट आई। इससे लोगों को भी बड़ी राहत मिली। वहीं, सरकारी अस्पतालों की ओपीडी में भी मरीजों की संख्या कम रही। साथ ही गर्मी व हीट स्ट्रोक की चपेट में आने वाले मरीजों की संख्या कम रही। हालांकि, एमएमजी अस्पताल में भर्ती अज्ञात मरीज की शुक्रवार को उपचार के दौरान मौत हो गई।

गर्मी का बढ़ता पारा बीते कई दिनों से लोगों के लिए मुसीबत बना हुआ था, गर्मी के चलते कई लोगों को बेहोशी की हालत में अस्पताल की इमरजेंसी में लाया गया। कुछ की उपचार के दौरान भी मौत हो गई। कई लोग मृत अवस्था में लाए गए थे, डॉक्टरों के अनुसार अधिकांश मरीजों की डिहाइड्रेशन, हीट स्ट्रोक से मौत की आशंका जताई गई। हालांकि, शुक्रवार को आंधी और बारिश के चलते तापमान में गिरावट आने से लोगों को राहत मिली। तापमान में कमी आने के चलते शुक्रवार को एमएमजी और संजयनगर स्थित संयुक्त जिला अस्पताल की ओपीडी में मरीजों की संख्या भी कम रही।

जनपद में पिछले कई दिन से हीट स्ट्रोक से सैकड़ों लोग इसकी चपेट में आए। डॉक्टरों ने कई लोगों की जान गर्मी व लू से होने की भी आशंका जताई। बीते चार दिनों में 70 से अधिक लोगों का अज्ञात में पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। हालांकि, सरकारी आंकड़ों अनुसार अप्रैल, मई और जून में अब तक जिले में 263 लोग हीट स्ट्रोक के शिकार हुए हैं। लेकिन, स्वास्थ्य विभाग की ओर से अभी तक हीट स्ट्रोक से किसी मौत की पुष्टि नहीं की गई है। गर्मी व हीट वेव को देखते हुए अस्पतालों में हीट वेव वार्ड तैयार किए गए है। लेकिन, पिछले कई चार दिनों से हीट वेव के मरीजों की संख्या बढ़ने पर बेड फुल हो गए। जिसके बाद अन्य वार्ड में भर्ती किया गया। वहीं, स्वास्थ्य विभाग की ओर से सभी सरकारी अस्पतालों को ओपीडी में डॉक्टरों द्वारा जल्दी देखने व इमरजेंसी में पहुंचने वाले मरीजों को तुरंत उपचार मुहैया कराने के निर्देश दिए गए हैं।

Tags:    

Similar News