खोड़ा में दो आधुनिक स्कूल बनकर तैयार, अगले सत्र से होगा दाखिला

Update: 2024-09-20 08:56 GMT

- दोनों स्कूलों में तीन हजार से अधिक बच्चे पढ़ाई कर सकेंगे

- दो स्कूल लगभग 15.64 करोड़ रुपए की लागत से बनाए गए

- दोनों स्कूलों को बेसिक शिक्षा विभाग को हैंडओवर किया जाएगा

मोहसिन खान

गाजियाबाद। खोड़ा के संगम पार्क और प्रगति विहार में दो कंपोजिट स्कूलों का निर्माण कार्य पूरा हो गया है। अब केवल रंगाई-पुताई और फिनिशिंग का काम बचा है। आगामी सत्र में दोनों स्कूलों में बच्चों के दाखिले शुरू हो जाएंगे। दोनों स्कूलों में तीन हजार से अधिक बच्चे पढ़ाई कर सकेंगे।

खोड़ा, नोएडा और दिल्ली की सीमा से सटा हुआ है। खोड़ा के संगम पार्क और प्रगति विहार में बने आधुनिक सरकारी स्कूलों में पढ़ाई कर सकेंगे। मार्च 2023 में दोनों स्कूलों की बिल्डिंग को तोड़ दिया गया। जो बच्चे पढ़ रहे थे उन्हें खोड़ा के वंदना एन्क्लेव स्थित स्कूल में शिफ्ट कर दिया गया था। मार्च 2023 में दोनों स्कूलों का निर्माण कार्य शुरू हुआ। दोनों स्कूलों का बजट 15.64 करोड़ है। यह स्कूल कायाकल्प योजना के तहत बनाए गए हैं। नगर पालिका परिषद की ओर से इसका भुगतान किया है। जल निगम की कार्यदायी संस्था कंस्ट्रक्शन एंड डिजाइन सर्विसेज (सी एंड डीएस) ने दोनों स्कूलों का निर्माण किया है।

एक में 28 व दूसरे 29 कमरे हैं

प्रगति विहार वाले स्कूल में फिनिशिंग का काम अंतिम चरण में चल रहा है। इस पर रंगाई-पुताई का काम हो चुका है। वहीं वायरिंग आदि का काम चल रहा है। दो सप्ताह में वह भी पूरा हो जाएगा। इस स्कूल में 28 कमरे हैं। इसी तरह संगम विहार स्कूल का निर्माण कार्य पूरा होने के बाद रंगाई-पुताई का काम शुरू हुआ है। इसमें फिनिशिंग का काम पूरा होने पर एक माह का समय लग सकता है। इस स्कूल में 29 कमरे हैं। दोनों स्कूलों को बेसिक शिक्षा विभाग को हैंडओवर किया जाएगा।

कक्षाओं में लगेंगे डिजिटल बोर्ड

दोनों स्कूलों में डिजिटल बोर्ड, मीटिंग हाल, वाईफाई आदि सुविधाएं होगी। इसमें स्वच्छ पेयजल होगा। स्कूलों में गंगाजल की आपूर्ति होगी। स्कूल में पेड़-पौधो लगे होंगे। निजी स्कूल की तर्ज पर पेरेंट्स मीटिंग भी होगी। खोड़ा की 10 लाख की आबादी के लिए स्कूल की बहुत जरूरत थी।

अस्पताल का काम पूरा

खोड़ा में सामुदायिक भवन को तोड़कर तीन मंजिला अस्पताल का निर्माण कार्य पूरा हो गया है। इसका काम भी मार्च 2023 में शुरू हुआ था। 30 अगस्त को यह अस्पताल स्वास्थ्य विभाग के हैंडओवर हो जाएगा। खोड़ा में सरकारी अस्पताल नहीं होने से लोगों को नोएडा, दिल्ली और गाजियाबाद में उपचार के लिए जाना पड़ रहा था। यह अस्पताल 249.52 लाख से बना है।

अधिकारी का कहना

संगम पार्क और प्रगति विहार में दोनों कंपोजिट स्कूलों का निर्माण कार्य पूरा हो गया है। अब केवल रंगाई-पुताई और फिनिशिंग का काम बचा है। एक माह के भीतर यह काम भी पूरा हो जाएगा।

- रजनीश जायसवाल, परियोजना प्रबंधक, सी एंड डीएस

Tags:    

Similar News