महिला अस्पताल में स्तनपान के लिए बनाए जाएंगे दो बूथ

Update: 2024-08-07 08:07 GMT

- बूथ निर्माण को लेकर हिमालय कंपनी की ओर से प्रस्ताव दिया गया है

सोनू सिंह

गाजियाबाद। जिला महिला अस्पताल में दुधमुंहे बच्चों को स्तनपान कराने के लिए बूथ बनाए जाएंगे। इससे अस्पताल में पहुंचने वाली महिलाओं को अपने छोटे बच्चों को दूध पिलाने के लिए परेशानी नहीं होगी।

महिला अस्पताल में प्रतिदिन 500 से ज्यादा महिलाएं उपचार के लिए आती हैं। इनमें ढाई सौ से ज्यादा महिलाएं ऐसी होती हैं जो अपने छोटे बच्चों को साथ लाती हैं। अस्पताल में ज्यादा समय होने पर अकसर बच्चों को स्तनपान की जरूरत होती है। इन महिलाओं को खुले में ही बच्चों को दूध पिलाने के लिए मजबूर होना पड़ता था लेकिन अब महिलाओं को स्तनपान कराने के लिए बूथ की सुविधा मिलने वाली है। बूथ निर्माण को लेकर हिमालय कंपनी की ओर से अस्पताल में स्तनपान बूथ बनाने का प्रस्ताव दिया गया है। बूथ सीएसआर फंड से बनाए जाएंगे। महिला अस्पताल की सीएमएस डॉ. अलका शर्मा ने बताया कि दो स्थानों पर बूथ बनाए जाएंगे। इसमें एक ओपीडी में आरओ मशीन के पास बूथ लगाया जाएगा जबकि दूसरे तल पर वार्ड के बाहर बूथ बनाया जायेगा।

Tags:    

Similar News