तूफान ने गाजियाबाद के कई इलाके में मचाई तबाही! बच्चे, गर्भवती महिला समेत 8 लोग घायल

Update: 2024-06-07 08:22 GMT

-कई इलाकों में लाइन बाधित होने से बिजली नहीं आई

सुनील मिश्रा (सिटीजन रिपोर्टर)

गाजियाबाद। आंधी-तूफान ने लोनी की अलग-अलग इलाकों में नुकसान पहुंचाया है। तूफान के चलते लोनी के प्रेमनगर कॉलोनी, संगम विहार कॉलोनी, मुस्तफाबाद कॉलोनी, राहुल गार्डन कॉलोनी, सरस्वती विहार बुध बाजार कॉलोनी, शांति नगर राज नगर कॉलोनी समेत अन्य इलाकों में दीवार और छत गिरने से बच्चे, गर्भवती महिला समेत 8 लोग घायल हो गए। साथ ही कई इलाकों में फाल्ट होने की वजह से बिजली भी गुल रही।

सोते रहे थे तीनों बच्चे

शांति नगर राजनगर कॉलोनी में रोहित कुमार परिवार के साथ रहते हैं। तूफान के चलते पड़ोसी भगत पुत्र रवि शंकर के मकान की दीवार रोहित के मकान की छत व टीन शेड पर गिर गई। घटना के दौरान रोहित के तीन बच्चे सपना(15), परी(9) और आंचल(7) सो रहे थे। पड़ोसी की दीवार का मलबा तीनों बच्चों के ऊपर आकर गिर गया। परिजनों ने शोर मचाया ता आसपास के लोग आए। लोगों की मदद से तीनों बच्चों को मलबे से बाहर निकाला। तीनों को अस्पताल में भर्ती कराया। सपना की पीठ और कमर, परी की कमर और आंचल के सिर, घुटने पर चोटें आई हैं। तीनों की हालत अब ठीक है। मकान क्षतिग्रस्त होने पर पड़ोसियों ने उन्हें रहने के लिए स्थान दिया है।

गर्भवती महिला और बेटी को लगी चोट

बॉर्डर थाना क्षेत्र के राहुल गार्डन कॉलोनी में शिव कुमार परिवार के साथ रहते हैं। तूफान के चलते पड़ोसी मोनू बाबा के मकान की दीवार शिव कुमार के घर पर गिर गई। पड़ोसी की दीवार के मलबे में शिव कुमार की चार साल की बेटी टुकटुक उर्फ स्वीटी घायल हो गई। स्वीटी के सिर पर चोट आई। वहीं मलवे की चपेट में शिव कुमार की पांच माह की गर्भवती पत्नी भी आ गई। उनकी पत्नी विनीता के पैर में चोट आई है। दोनों को दिल्ली के जीटीबी अस्पताल में भर्ती कराया गया। उपचार के बाद दोनों को अस्पताल से छुट्टी मिल गई।

11 साल की अतिका घायल हुई

लोनी बॉर्डर थाना क्षेत्र के प्रेम नगर कॉलोनी में मोहम्मद इरशाद परिवार के साथ रहते हैं। वह मजदूरी करते हैं। तूफान के चलते पड़ोसी के मकान की दीवार इरशाद के मकान पर गिर गई। मलबे में दबने की वजह से इरशाद की बेटी अतिका(11) घायल हो गई। अतिका के पैर में चोट लगी है। अतिका को अस्पताल में भर्ती कराया गया। उपचार के बाद उसे छुट्टी मिल गई।


Tags:    

Similar News