संपत्ति के बदलते प्रकार और बढ़ते आकार की पैमाइश कर रहा है टैक्स विभाग, जोनों से जारी हुए 2193 नोटिस

Update: 2024-06-14 07:53 GMT

-नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने शहरवासियों से की अपनी संपत्ति के सेल्फ एसेसमेंट की अपील

नेहा सिंह तोमर

गाजियाबाद। गाजियाबाद नगर निगम के टैक्स विभाग द्वारा संपत्ति का रिव्यू का कार्य तेजी से चल रहा है। इसी क्रम में संबंधित जोनल प्रभारी व टीम संपत्ति का स्थलीय निरीक्षण कर टैक्स रिव्यू का कार्य कर रही है। समय-समय पर वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर जाकर संपत्ति की जांच कर टैक्स का रिव्यू करने का कार्य कर रहे हैं। मुख्य कर निर्धारण अधिकारी डॉ. संजीव ने भी स्वयं जाकर कई संपत्तियां का स्थलीय निरीक्षण किया। मोहन नगर जोन अंतर्गत राजेंद्र नगर क्षेत्र में जोनल प्रभारी के कई संपत्ति का रिव्यू किया जिसमें बढ़े हुए क्षेत्रफल के अनुसार संपत्ति कर लगाने के निर्देश दिए।

गाजियाबाद नगर निगम अधिनियम 222 के अंतर्गत संपत्ति रिव्यू की कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। समस्त जोनल प्रभारी ने लगभग 2193 नोटिस भी जारी किए हैं। साहिबाबाद इंडस्ट्रियल एरिया, हर्ष कंपाउंड अर्थला आनंद इंडस्ट्रियल एरिया, मोहन नगर जोन, बुलंदशहर इंडस्ट्रियल एरिया, कवि नगर जोन, लोहिया नगर इंडस्ट्रियल एरिया और विजयनगर औद्योगिक क्षेत्र को अधिनियम 222 के अंतर्गत नोटिस जारी किए हैं। इसी क्रम में वसुंधरा जोन स्थित होटल रेस्टोरेंट अस्पताल को नोटिस जारी किए जा चुके हैं। सिटी जोन में भी कई क्षेत्रों में पंचवटी इत्यादि में प्रॉपर्टी रिव्यू के लिए नोटिस जारी किए हैं। इसके अलावा कई सम्मानित करदाता सेल्फ एसेसमेंट करके अपना हाउस टैक्स रिव्यू कर रहे हैं।

नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने शहरवासियों से अपील की है कि अपनी संपत्ति का सेल्फ एसेसमेंट कर गाजियाबाद नगर निगम के जोनल कार्यालय में जमा कर सकते हैं और संपत्ति के हाउस टैक्स को रिव्यू करने की अपील की है। जनप्रतिनिधियों ने भी शहरवासियों को अपनी बढ़ी हुई संपत्ति का आकार और अपनी संपत्ति का प्रकार का खुद रिव्यू करते हुए संबंधित जोनल कार्यालय में संपर्क करते हुए संपत्ति का रिव्यू करने के लिए जागरूक किया जा रहा है।

Tags:    

Similar News