जैन विहार में छात्र की चाकू मारकर हत्या, विवाद के चलते हुआ था झगड़ा

Update: 2024-08-02 12:54 GMT

-दोस्त की लड़ाई में आया था, आरोपी फरार

सुनील मिश्रा (सिटीजन रिपोर्टर)

गाजियाबाद। गाजियाबाद के थाना लोनी अशोक विहार जैन कॉलोनी में आरोपी ने अरशद नाम के एक छात्र की चाकू से गोदकर हत्या कर दी। मृतक के परिजनों ने बताया कि अरशद घर से परचून का सामान लेने के लिए कह कर गया था। मृतक को उसके दोस्त ने फोन कर बुलाया। इस घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी फरार हो गया।

अशोक विहार साहिल सिटी कॉलोनी में 17 वर्षीय अरशद पुत्र इरफान परिवार के साथ रहता था। अरशद खराद की मशीन का काम करता था। परिजनों ने बताया कि शुक्रवार दोपहर करीब 12:00 बजे अरशद को उसके दोस्तों ने फोन करके जैन कॉलोनी बुलाया। अरशद अपने दोस्तों के साथ जैन कॉलोनी पहुंचा। यहां उनका असलम के साथ झगड़ा हुआ। असलम का अरशद के दोस्त के साथ पहले से विवाद चल रहा था। विवाद के चलते फिर से झगड़ा हो गया।

इसके बाद असलम ने चाकू से अरशद पर हमला कर दिया। अरशद के पेट में चाकू लगा और वह गंभीर रूप से घायल हो गया। इस घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। आसपास के लोगों ने घायल को अस्पताल में भर्ती कराया। अस्पताल में उपचार के दौरान डॉक्टरों ने अरशद को मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची।

Tags:    

Similar News