नगर निगम के कर्मचारियों और व्यापारियों के बीच चले लाठी डंडे

By :  Neeraj Jha
Update: 2024-06-21 13:05 GMT


गाजियाबाद। सिहानी गेट थाना क्षेत्र में उस समय हड़कंप मच गया जब नगर निगम के कर्मचारियों और व्यापारियों के बीच लाठी डंडे और पत्थर बाजी हुई। इस दौरान कुछ लोगों के सिर फट गए और कुछ को चोट आई हैं। फिलहाल दोनों पक्षों की तरफ से थाने में तहरीर दी गई है। एसीपी रवि कुमार दोनों पक्षों को समझाने बुझाने में लगे हुए हैं।

शुक्रवार को उस समय हड़कंप मच गया जब सिहानी गेट थाना क्षेत्र में स्थित सब्जी मंडी के दुकानदार विकास कुमार की दुकान पर अवैध पॉलिथीन का चालान करने के लिए नगर निगम के कर्मचारी पहुंचे। इस दौरान कर्मचारी 25000 रुपए का जुर्माना करने की बात दुकानदार विकास कुमार से कर रहे थे। दुकानदार विकास कुमार का आरोप है कि इस दौरान दस हजार रुपए में मामला सेटलमेंट हो गया। लेकिन इसके बाद नगर निगम के कर्मचारियों ने चालान कर दिया। इस दौरान हुई कहासुनी में नगर निगम के कर्मचारियों ने व्यापारियों पर लाठी डंडे चला दिए। इसके बाद व्यापारियों को चोट लगी है। जबकि नगर निगम के कर्मचारियों का कहना है कि वह जब चालान काटने के लिए दुकानदार की दुकान पर पहुंचे तो उनकी दुकानदार से कहासुनी हो गई। इस दौरान किसी ने पत्थर फेंक दिया। जिससे नगर निगम के कर्मचारी का सिर फट गया।

इस दौरान नगर निगम के कर्मचारियों के साथ आए सुरक्षा कर्मियों ने व्यापारियों पर लाठी डंडे बरसा दिए। फिलहाल दोनों पक्षों में रोष व्याप्त है। झगड़े के बाद दोनों पक्षों की तरफ से थाने में तहरीर दी गई है। एसीपी रवि कुमार का कहना है कि दोनों पक्षों को समझाने का प्रयास किया जा रहा है।

Tags:    

Similar News