गाजियाबाद में बारिश से कमरे की गिरी छत, मां की मौत, दो बेटियां घायल

Update: 2024-09-13 08:24 GMT

- बेटियों के पिता की पहले हो चुकी थी मौत

मोहसिन खान

गाजियाबाद। लोनी बॉर्डर थाना क्षेत्र की परमहंस कालोनी में बारिश के चलते एक मकान गिरने से एक महिला की मौत हो गई। हादसे में महिला की दो बेटियां भी घायल हुई हैं। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायल बेटियों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां पर डॉक्टर ने 52 वर्षीय महिला सुंदरी देवी को मृत घोषित कर दिया।

सुंदरी देवी का दो कमरों का मकान है। गुरुवार की रात एक कमरे में राजन और सागर सोए थे। दूसरे कमरे में मां अपनी बेटियों के साथ सोई थी। शुक्रवार तड़के करीब पांच बजे कमरे का छत और दीवार भरभरा कर गिर गई। हादसे के चलते मां और बेटियां मलबे में दब गईं। चीख पुकार सुन पड़ोसी और परिवारजन मौके पर पहुंचे। हादसे की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया। जहां पर डॉक्टरों ने सुंदरी देवी को मृत घोषित कर दिया। घायल वर्षा और लक्ष्मी का दिल्ली के जीटीबी अस्पताल में उपचार चल रहा है। पति अशोक की पहले ही मौत हो चुकी है। महिला मकान में अपने बेटों 24 वर्षीय राजन और 15 वर्षीय सागर और 20 वर्षीय वर्षा, 15 वर्षीय बेटी के साथ रहती थी। लोनी बॉर्डर थाना प्रभारी ने बताया कि मौके पर पहुंच कर घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया। सुंदरी देवी की मौत हो गई। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है।

Tags:    

Similar News