विपक्षी दलों की पटना बैठक पर बोले केशव - खोदा पहाड़ निकली चुहिया

Update: 2023-06-24 05:21 GMT

लखनऊ-- उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि विपक्षी दलों के महागठबंधन के लिए शुक्रवार को पटना में आयोजित बैठक बेनतीजा रही है। उन्होंने कहा कि बिना किसी निष्कर्ष के समाप्त हुई बैठक में खोदा पहाड़ निकली चुहिया वाली कहावत चरितार्थ हुई है। बैठक में शामिल दलों के नेताओं ने प्रधानमंत्री पद पर खुद की दावेदारी को नहीं छोड़ा। शुक्रवार को भाजपा प्रदेश मुख्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता में उप मुख्यमंत्री ने दावा किया कि लोकसभा चुनाव 2024 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा को 300 और एनडीए को 400 लोकसभा क्षेत्रों में जीत मिलेगी।

केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि मोदी सरकार के नौ वर्ष का कार्यकाल पूरा होने के उपलक्ष्य में चलाए जा रहे महाजनसंपर्क अभियान की सफलता से विपक्षी दलों के नेता घबरा गए हैं। उन्होंने कहा कि अपना राजनीतिक वजूद बचाने के लिए बिहार के पटना में जुटे अधिकांश दलों के अधिकांश नेता अभी खुद किसी सदन के सदस्य नहीं हैं। उन्होंने कहा कि विपक्षी दलों की हालत है कि दिल मिले न मिले हाथ मिलाते चलिए, अपना-अपना भ्रष्टाचार छिपाते चलिए। उन्होंने कहा कि सांप और नेवला जैसे संग नहीं रह सकते, केर-बेर का संग नहीं हो सकता उसी प्रकार अवसरवादी दल एक नहीं हो सकते। मौर्यने कहा कि पटना में विपक्षी दलों की बैठक में सीएमपी (कॉमन मिनिमन प्रोग्राम) का सही मतलब बताते हुए कहा कि करप्शन मैक्सिमम प्रोग्राम ही इन दलों का सीएमपी है।

मौर्य ने कहा कि पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री कह रही है कि कांग्रेस को बंगाल में उनकी सरकार का विरोध नहीं करना चाहिए था। उन्होंने कहा कि दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल कह रहे हैं कि कांग्रेस को दिल्ली और पंजाब से दावा छोड़ देना चाहिए। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव भी यूपी में कांग्रेस को मनमाफिक सीटें देने को तैयार नहीं है।

उन्होंने कहा कि जिन राजनीतिक दलों ने कांग्रेस का विरोध करते हुए कांग्रेस हटाओ-देश बचाओ का नारा दिया था वह आज फिर कांग्रेस की हाथ की कटपुतली बनने को तैयार है। उन्होंने कहा कि शिवसेना के पूर्व प्रमुख स्वर्गीय बाला साहब ठाकरे ने जीवनभर कांग्रेस का विरोध किया, अब उद्धव ठाकरे को कांग्रेस से हाथ मिलाता देख उनकी आत्मा कहरा उठी होगी। उन्होंने कहा कि पीडीपी का कोई सदस्य किसी भी सदन का सदस्य नहीं हैं। उन्होंने कहा कि सपा सहित कई विपक्षी दलों का लोकसभा चुनाव में खाता तक नहीं खुलेगा। वहीं भाजपा गठबंधन 400 से अधिक सीटों पर चुनाव जीतेगा। उन्होंने कहा कि देश में नरेंद्र मोदी के नाम की धूम है। अब न घोड़े दूर हैं न मैदान दूर है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ पटना में जुटने वाले दलों के नेता वहीं हैं जिन्होंने अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि पर मंदिर निर्माण पर बाधा पहुंचाई थी। जिन्होंने जम्मू कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाने का विरोध किया था। उन्होंने कहा कि इन नेताओं के परिवार की राजनीति खतरे में हैं, उन्हें मोदी का फोबिया हो गया है। उन्होंने कहा कि बैठक में 2024 में विपक्षी दलों की हार की स्क्रिपिट लिखी गई है। इस अवसपर पर प्रदेश महामंत्री गोविंद नारायण शुक्ल, प्रदेश मीडिया प्रभारी मनीष दीक्षित, सह प्रभारी हिमांशु दुबे, प्रवक्ता राकेश त्रिपाठी, मनीष शुक्ल, अरुण कांत त्रिपाठी और नवीन श्रीवास्तव मौजूद थे।

अकेले पड़ गए अखिलेश

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि सपा के अध्यक्ष अखिलेश यादव प्रदेश में अकेले पड़ गए हैं। उनके सहयोगी रालोद के अध्यक्ष जयंत चौधरी या उनका प्रतिनिधि बैठक में शामिल नहीं हुआ। मौर्य ने कहा कि अखिलेश को खुद पता नही कि वह पटना में राजनीतिक पर्यटन पर गए है या राजनीति के लिए।

नोट के बदले वोट ट्रांसफर करती हैं मायावती

उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि बसपा सुप्रीमो मायावती का काम तो नोट के बदले वोट ट्रांसफर करना है। उन्होंने कहा कि मायावती पैसे लेकर वोट दिलाने का काम करती है।

Tags:    

Similar News