राहुल और अखिलेश कल आएंगे गाजियाबाद , जाने डॉली शर्मा के चुनाव प्रचार में कितना फूंक पाएंगे जान

Update: 2024-04-16 05:40 GMT

-राहुल गांधी और अखिलेश यादव गाजियाबाद के कौशांबी में कल करेंगे संयुक्त प्रेस वार्ता

-भाजपा के कई दिग्गज कर चुके है दौरा

गाजियाबाद। कांग्रेस-सपा की संयुक्त प्रत्याशी डॉली शर्मा के चुनाव प्रचार में इंडी गठबंधन जान फूंकने वाला है। भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी और समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष व उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव गाजियाबाद के कौशांबी में कल एक संयुक्त प्रेस वार्ता आयोजित करने जा रहे हैं। इस दौरान दोनों नेता गठबंधन प्रत्याशी के लिए वोट की अपील करते नजर आएंगे। 

कांग्रेस-सपा के सभी पदाधिकारी इस प्रेस वार्ता की तैयारियों में जी-जान से जुट गए हैं। लोकसभा चुनाव 2024 के मद्देनजर भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस और समाजवादी पार्टी ने इस बार उत्तर प्रदेश में चुनावी तालमेल किया है। इस तालमेल के तहत उत्तर प्रदेश की कुल 17 सीटों के साथ ही गाजियाबाद की लोकसभा सीट भी कांग्रेस के खाते में आई है। कांग्रेस पार्टी ने यहां अपनी तेज तर्रार प्रवक्ता और पूर्व लोकसभा प्रत्याशी डॉली शर्मा को ही एक बार फिर चुनाव मैदान में उतारा है। डॉली शर्मा समाजवादी पार्टी और इंडी गठबंधन में शामिल अन्य सभी दलों के सहयोग से पूरी मजबूती के साथ अपने चुनाव प्रचार में लगी हुई हैं लेकिन इसके बावजूद भारतीय जनता पार्टी के कई कद्दावर नेताओं की पूरी फौज के मुकाबले उन्हें कहीं ना कहीं पिछड़ना पड़ रहा है।

भारतीय जनता पार्टी ने गाजियाबाद लोकसभा सीट पर अपने प्रत्याशी अतुल गर्ग के समर्थन में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उप मुख्यमंत्री बृजेश पाठक व केशव प्रसाद मौर्य, केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और पार्टी के तमाम नेताओं की मानों एक पूरी फौज ही उतार दी हो। यहां तक कि अतुल गर्ग के चुनाव प्रचार में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गाजियाबाद में एक मेगा रोड शो भी कर चुके हैं। भाजपा को जवाब देने के लिए अब कांग्रेस और सपा ने भी यहां अपने स्टार प्रचारकों को उतारने का फैसला किया है। इसी के तहत कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी और समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव कल गाजियाबाद में होंगे। यह दोनों नेता डॉली शर्मा के समर्थन में गाजियाबाद में एक संयुक्त प्रेस वार्ता आयोजित करेंगे।

गाजियाबाद में कांग्रेस के साथ ही समाजवादी पार्टी के तमाम पदाधिकारी अपनी पार्टी के इन दोनों कद्दावर नेताओं की प्रेस वार्ता की तैयारियों में पूरी शिद्दत के साथ लगे हैं। कांग्रेस के एक और कद्दावर नेता सचिन पायलट भी डॉली शर्मा के समर्थन में जल्द ही गाजियाबाद में नजर आएंगे। सचिन पायलट यहां एक जनसभा को संबोधित करेंगे। इसके अलावा समाजवादी पार्टी और कांग्रेस ने गाजियाबाद लोकसभा प्रत्याशी डॉली शर्मा के चुनाव प्रचार में इमरान प्रतापगढ़ी को भी उतारने की रणनीति बनाई है। इमरान प्रतापगढ़ी की मुस्लिम समाज के युवाओं में खासी पैठ मानी जाती है।

Tags:    

Similar News