गाजियाबाद में शहर विधानसभा उप चुनाव की ठोस रणनीति बनाने में जुटे दल

By :  Neeraj Jha
Update: 2024-06-15 07:05 GMT


गाजियाबाद। भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व में केंद्र में एनडीए सरकार के गठन के बाद अब उत्तर प्रदेश में विधानसभा उप चुनावों को लेकर सरगर्मियां तेज होने लगी हैं। उप चुनावों में जीत दर्ज करने के लिए सभी राजनीतिक दलों ने अपनी ठोस रणनीति बनानी शुरू कर दी है। गाजियाबाद शहर विधानसभा सीट पर होने वाले उप चुनाव के लिए भाजपाईयों में टिकट के लिए सबसे ज्यादा मारामारी देखने को मिलनी तय है। साथ ही लोकसभा में अपने प्रदर्शन से उत्साहित विपक्षी दल भी यहां कोई कोर-कसर बाकी नहीं रखना चाहता। आने वाले दिनों गाजियाबाद शहर विधानसभा सीट पर राजनीतिक दलों के कद्दावर नेताओं की सरगर्मियां तेज हो सकती हैं।

गाजियाबाद शहर विधानसभा सीट पर विधायक और पूर्व मंत्री अतुल गर्ग को भारतीय जनता पार्टी ने इस बार गाजियाबाद लोकसभा सीट पर प्रत्याशी बनाया था। अतुल गर्ग ने यहां सपा कांग्रेस गठबंधन की प्रत्याशी डॉली शर्मा को 3,36,965 मतों के भारी अंतर से शिकस्त दी है। गाजियाबाद को भारतीय जनता पार्टी का मजबूत किला माना जाता है ऐसे में अतुल गर्ग की यह जीत उतनी प्रभावशाली नहीं मानी जा रही जितनी होनी चाहिए थी क्योंकि भाजपा नेता यहां आठ से दस लाख मतों के अंतर से जीत का दावा कर रहे थे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ ही भाजपा के तमाम कद्दावर नेताओं के गाजियाबाद लोकसभा सीट के चुनाव प्रचार में उतरने के बाद अतुल गर्ग की इस जीत को फीका ही कहा जा रहा है।

भारतीय जनता पार्टी के मजबूत किले गाजियाबाद में इस बार उसे विपक्ष से बेहद कड़ी टक्कर का सामना करना पड़ा है। सपा-कांग्रेस गठबंधन की संयुक्त प्रत्याशी डॉली शर्मा ने लोकसभा चुनाव के मुकाबले को बेहद कड़ा बना दिया था। मतगणना से पूर्व कोई भी यह दावे से कहने की स्थिति में नहीं था गाजियाबाद में किसकी जीत होगी? गाजियाबाद लोकसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली यहां की पांचो ही विधानसभाओं में भारतीय जनता पार्टी और सपा-कांग्रेस गठबंधन के बीच बेहद नजदीकी मुकाबला माना जा रहा था। क्षत्रिय मतदाताओं की नाराजगी के चलते धौलाना विधानसभा में तो भारतीय जनता पार्टी को हार का सामना करना पड़ा है। यहां डॉली शर्मा को 1,20,714 मत प्राप्त हुए थे जबकि भाजपा के अतुल गर्ग 1,03,989 पर ही सिमट कर रह गए थे। वहीं मुरादनगर, लोनी और गाजियाबाद में भी गठबंधन प्रत्याशी को जमकर वोट मिले हैं। लोकसभा चुनाव में विधानसभा वार मतों की गणना में अतुल गर्ग को शहर विधानसभा में 1,37,206 जबकि डॉली शर्मा को 73,950 वोट प्राप्त हुए हैं। अगर पूर्व के विधानसभा चुनाव पर गौर करें तो सपा के विशाल वर्मा को यहां 44 हजार से अधिक मत प्राप्त हुए थे जबकि बहुजन समाज पार्टी के उम्मीदवार के के शुक्ला को 34 हजार मत मिले थे। यदि इसमें कांग्रेस प्रत्याशी सुशांत सुरेन्द्र प्रकाश गोयल को मिले 11 हजार से अधिक मत जोड़ दिए जाएं इन मतों का कुल योग एक लाख के आसपास बैठता है। ऐसे में अगर पूरा विपक्ष यहां एकजुट होकर चुनाव मैदान में उतरता है तो शहर विधानसभा के उप चुनाव का परिणाम भी भाजपा के लिए बेहद चौंकाने वाला आ सकता है।

Tags:    

Similar News