शराब पीने के लिए पैसे नहीं देने पर पड़ोसी ने वृद्ध महिला पर किया बर्फ के सुएं से हमला, अस्पताल में भर्ती

Update: 2024-09-28 10:47 GMT

- आरोपी पहले कई बार मांग चुका है वृद्ध महिला से पैसे

मोहसिन खान

गाजियबाद। सिहानी गेट थाना क्षेत्र के रामनगर में शराब के लिए पैसे न देने पर पड़ोसी युवक ने वृद्ध महिला पर बर्फ के सुएं से हमला कर दिया। उनके पेट पर कई बार वार किए। इससे महिला घायल हो गईं। महिला का शोर शराबा सुनकर लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल महिला को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका उपचार चल रहा है।

पुलिस की जानकारी के अनुसार, रामनगर में 78 वर्षीय महिला पर पड़ोसी रविंद्र ने बर्फ के सुएं से हमला कर दिया। इस सूचना पर पुलिस ने पहुंचकर जांच-पड़ताल की। पता चला कि महिला अकेली रहती है। पड़ोसी रविंद्र अक्सर उससे शराब के पैसे लेता था। महिला भी उसे स्नेहपूर्वक पैसे दे दिया करती थी। शुक्रवार रात को रविंद्र फिर से पैसे मांगने पहुंचा। वृद्ध महिला ने पैसे देने से मना कर दिया। इससे आक्रोशित होकर रविंद्र ने बर्फ के सुएं से वृद्ध महिला के पेट पर कई वार कर दिए। महिला ने शोर मचाया तो आरोपी वहां से फरार हो गया। सिहानी गेट थाना प्रभारी ने बताया कि लता भटनागर(78) का पड़ोसी रविंदर नशे का आदी है। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Tags:    

Similar News