नमो भारत ट्रेन के परिचालन के समय में बढ़ोतरी, 20 मई से रात 10 बजे तक उपलब्ध होंगी सेवाएं

Update: 2024-05-18 06:46 GMT

-ट्रेन की सेवाएं सोमवार से शनिवार सुबह 6 बजे से रात के 10 बजे तक और रविवार को सुबह 8 बजे से रात 10 बजे तक होगी उपलब्ध

-नमो भारत ट्रेनों के संचालन समय के विस्तार का उद्देश्य यात्री सुविधा को बढ़ाना है

सोनू सिंह

गाजियाबाद। दिल्ली-गाजियाबाद-मेरठ आरआरटीएस कॉरिडोर के संचालित सेक्शन में यात्रियों की सुविधा के मद्देनजर नमो भारत ट्रेनों का परिचालन समय 20 मई 2024 से बढ़ा दी गई है। नई समय-सारणी के मुताबिक, नमो भारत ट्रेन की सेवाएं सोमवार से शनिवार सुबह 6 बजे से रात के 10 बजे तक और रविवार को सुबह 8 बजे से रात 10 बजे तक उपलब्ध होगी। वर्तमान में, नमो भारत ट्रेन सेवाएं सोमवार से शनिवार सुबह 6 बजे से रात 8 बजे तक और रविवार को सुबह 8 बजे से रात 8 बजे तक परिचालित की जा रही हैं।

वर्तमान में नमो भारत ट्रेन सेवाएं साहिबाबाद से मोदीनगर उत्तर तक के आठ आरआरटीएस स्टेशनों वाले 34 किमी सेक्शन में संचालित की जा रही है। दिल्ली-मेरठ आरआरटीएस कॉरिडोर की लंबाई 82 किलोमीटर है। कॉरिडोर के बाकी हिस्से में निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है। पूरे कॉरिडोर पर जून 2025 तक नमो भारत ट्रेन चलाने का लक्ष्य है। 

Tags:    

Similar News