नगर निगम कार्यकारिणी सदस्यों का चुनाव 19 जुलाई को, जानें कौन उम्मीदवार लड़ सकता है चुनाव

Update: 2024-07-15 10:02 GMT

नेहा सिंह तोमर

गाजियाबाद। नगर निगम कार्यकारिणी सदस्यों के चुनाव का एलान महापौर सुनीता दयाल कर चुकी हैं। यह चुनाव 19 जुलाई को होना है। नगर निगम कार्यकारिणी में 6 सदस्य पद खाली हैं। संभावना है कि भाजपा अपने 4 पार्षदों को कार्यकारिणी में भेजेगी और 2 पद विपक्ष को दिए जा सकते हैं।

लखनऊ में हुई पार्टी की प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक में भाजपा के सभी प्रमुख पदाधिकारी भाग लेने गए हुए थे। कुछ आज सुबह लौट आए जबकि कुछ आज शाम तक लौट आएंगे। संभावना है कि 17 जुलाई को भाजपा संगठन और मेयर के बीच कार्यकारिणी सदस्य चुनाव को लेकर बैठक की जा सकती है।

अगर कोई विघ्न नहीं आया तो 18 जुलाई को निश्चित तौर पर बैठक होगी। इसमें भाजपा अपने चार पार्षदों का चयन कार्यकारिणी प्रत्याशियों के लिए कर लेगी। बताया जा रहा है कि भाजपा अपने सांसद, विधायकों और मेयर से एक एक नाम लेगी।

भाजपा में दलित पार्षद की लग सकती है लॉटरी

19 जुलाई को नगर निगम कार्यकारिणी सदस्यों का चुनाव हो जाने के बाद कार्यकारिणी उपाध्यक्ष भी चुना जाएगा। इसके लिए भाजपा में कई नाम चर्चा में हैं। इनमें से 2 ओबीसी समाज से हैं और 1 दलित समााज से है। भाजपा में जिस तरह से नीचे से ऊपर तक दलितों को साधने का काम चल रहा है उसे देखते हुए लग रहा है कि कार्यकारिणी उपाध्यक्ष दलित पार्षद को बनाया जा सकता है। इससे भाजपा नगर निगम में दलित समाज को प्रतिनिधित्व दे देगी।

विपक्ष से योगेन्द्र, प्रवीन, नरेश जाटव की तैयारी में

विपक्ष की ओर से तीन पार्षदों के नाम सामने आ रहे हैं। बताया जा रहा है कि पार्षद प्रवीण मुलायम, नरेश जाटव और योगेन्द्र कार्यकारिणी चुनाव की तैयारी कर चुके हैं। विपक्ष किसी भी सूरत में अपने 2 पार्षदों को कार्यकारिणी में पहुंचाना चाहता है। अगर भाजपा ने 4 नाम दिए तो विपक्ष 2 नाम देगा। अगर भाजपा ने 5 नाम दिए तो विपक्ष अपने 3 उम्मीदवार उतार देगा और उस स्थिति में मतदान कराना ही पड़ेगा। जहां तक मेयर सुनीता दयाल की सोच का सवाल है तो वह मतदान के पक्ष में नहीं रहेंगी। इसलिए संभावना है कि भाजपा 4 ही सदस्य उतारेगी।

Tags:    

Similar News