संभव जनसुनवाई में अधिकांश समस्याएं विजयनगर जोन से आईं, जाने क्या-क्या है

Update: 2024-07-24 06:22 GMT

नेहा सिंह तोमर

गाजियाबाद। गाजियाबाद नगर निगम मुख्यालय पर विक्रमादित्य सिंह मलिक नगर आयुक्त ने संभव जनसुनवाई में जन समस्याओं को सुना जिसमें लगभग 10 संदर्भ प्राप्त हुए। इस दौरान समस्त विभागीय अधिकारी भी उपस्थित रहे जिनको तत्काल कार्यवाही के निर्देश दिए गए है। अधिकांश संदर्भ जलकल विभाग से प्राप्त हुए जिस पर नगर आयुक्त ने महाप्रबंधक जल को स्थलीय निरीक्षण कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। जलकल विभाग के चार संदर्भ टैक्स विभाग के दो संदर्भ निर्माण विभाग के तीन संदर्भ और जन्म मृत्यु संबंधित एक संदर्भ प्राप्त हुआ।

नगर आयुक्त ने बताया कि संभव में प्राप्त समस्याओं पर तत्काल प्रभाव से कार्रवाई कराई जाती है। इसके अलावा भी प्रतिदिन प्राप्त होने वाली समस्याओं पर भी तीव्रता से कार्रवाई शहर हित में कराई जा रही है। घंटे की तर्ज पर समस्याओं के समाधान करने का प्रयास विभाग ने किया है जिसमें मुख्य रूप से स्वास्थ्य विभाग, उद्यान विभाग, प्रकाश विभाग, जलकल विभाग और निर्माण विभाग शिकायतों के आधार पर तुरंत एक्शन लेते हुए कार्रवाई कर रहे हैं। मांग संदर्भ पर नियम अनुसार कार्रवाई की जा रही है। गाजियाबाद नगर निगम में आयोजित संभव जनसुनवाई के दौरान अधिकांश समस्याएं विजयनगर जोन से प्राप्त हुई, जिनका समाधान करने के लिए अपर नगर आयुक्त अवनींद्र कुमार को स्थलीय निरीक्षण करते हुए कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।

संभव के दौरान कई जनप्रतिनिधियों ने भी नगर आयुक्त से शहर के विकास कार्यों पर चर्चा की जिसमें मुख्य रूप से आंतरिक वार्डों में भी निगम की भूमि पर पौधारोपण को लेकर चर्चा की गई। गाजियाबाद नगर निगम की रिक्त कराई गई भूमि की बाउंड्री करते हुए उनमें वृहद प्लांटेशन करने की मांग की गई जिस पर नगर आयुक्त ने उद्यान प्रभारी डॉ. अनुज को नियम अनुसार कार्रवाई के लिए कहा है।

Tags:    

Similar News