कार चोरी कर भाग रहे बदमाशों ने चौकी इंचार्ज को गोली मारी, हालत गंभीर

By :  Shashank
Update: 2024-01-23 07:31 GMT

मेरठ में सोमवार देर रात चोरी कर भाग रहे बदमाशों ने पुलिस चौकी इंचार्ज को गोली मार दी। गोली लगने से चौकी इंचार्ज गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां चिकित्सक उनकी हालत गंभीर बता रहे हैं। 

मेरठ में थाना कंकरखेड़ा के अंतर्गत कार चोरी कर भाग रहे बदमाशों ने पीछा करने पर पुलिस पर फायरिंग कर दी, जिसमें चौकी इंचार्ज मुनेश को सीने में गोली लग गई है। गंभीर हालत में उन्हें गाजियाबाद में भर्ती कराया गया है। 

 कंकरखेड़ा में देर रात एक मंडप के बाहर से बदमाशों ने एक कार चोरी कर ली। कार में जीपीएस लगा हुआ था। लोकेशन के आधार पर पुलिस ने कार का पीछा किया तो बदमाश लिसाड़ी गेट की ओर से भागने लगे। वे कंकरखेड़ा हाईवे की तरफ से भागे तो उनकी पुलिस की गाड़ी से भिड़ंत हो गई।  

बताया गया कि पुलिस ने पुलिस ने पीछा कर एक बदमाश को पकड़ लिया। खुद को घिरता देख बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी, जिसमें एक गोली कंकरखेड़ा हाईवे चौकी इंचार्ज मुनेश के सीने में लग गई, उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी गंभीर हालत को देखते हुए गाजियाबाद रेफर किया गया है।

वारदात की जानकारी पर एसएसपी रोहित सिंह सजवाण मौके पर पहुंचे। बदमाशों को पकड़ने के लिए पुलिस की चार चार टीम लगाई गई हैं। वहीं, चौकी इंचार्ज की हालत गंभीर बनी हुई है।

ताजा जानकारी के अनुसार मुन्नेश सिंह कसाना पुत्र दीवान सिंह ग्राम बलिकापुरा, थाना चिरहाट आगरा के रहने वाले हैं। एक साल पहले ही वह गाजियाबाद से मेरठ आए थे। गाजियाबाद में एसओ भोजपुर रहे हैं। मेरठ में बिजली बंबा चौकी इंचार्ज भी रहे हैं। पिछले वर्ष जुलाई से कंकरखेड़ा की हाईवे चौकी के इंचार्ज हैं। मुन्नेश सिंह पहलवान भी हैं। वहीं चौकी इंचार्ज पर हमले के बाद महकमे में हड़कंप मच गया।

बताया गया कि आरोपी सभी बदमाश फरार होने में कामयाब हो गए। पुलिस ने अज्ञात में मुकदमा दर्ज किया है।

Tags:    

Similar News