Meerut: नई पहल-चुनाव जीतने के बाद सड़क पर झाड़ू लेकर उतरा इंदिरा नगर का पार्षद

Update: 2023-05-19 10:05 GMT

Meerut: मेरठ: शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने में हर व्यक्ति का योगदान जरूरी है। इसी उद्देश्य को लेकर वार्ड 62 इंदिरा नगर के पार्षद अनिल वर्मा ने स्वच्छ वार्ड बनाने की पहल की है। इसकी शुरुआत इंदिरा नगर से स्थानीय निवासियों के साथ झाड़ू लगाकर की।

पार्षद ने कहा कि हर महीने के प्रथम शुक्रवार को वार्ड में यह स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। जिसमें निगम की टीम भी रहेगी और स्थानीय नागरिक भी योगदान देंगे। सफाई, अतिक्रमण, नालियों में गोबर बहाने की गतिविधि, सड़क पर कूड़ा फेकने की आदतों को स्वच्छता के इस जागरूकता अभियान से बदला जाएगा। वार्ड को स्वच्छ बनाने के क्रम में गंदगी फैलाने वालों को पहले चेतावनी दी जाएगी। अगर नहीं माने तो निगम के माध्यम से चालान काटने की कारवाई की जाएगी।

इस मौके पर प्रभारी नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ हरपाल सिंह समेत निगम की स्वच्छता टीम भी मौजूद रही। पूर्व पार्षद विपिन जिंदल, भाजपा के कई कार्यकर्ता, महिला विकास क्लब से राकेश गौड़, अतुल दीक्षित समेत करीब 20 वालिंटीयर भी मौजूद रहे।

इंदिरा नगर की सभी गलियों में झाड़ू लगाई गई। नालियों से सिल्ट निकाली गई। घर घर से कूड़ा कलेक्शन किया गया।

13 डेरी चिह्नित

वार्ड में नगर निगम की स्वच्छता टीम ने 13 डेरी चिह्नित की हैं। जिनको गोबर नाली में बहाने पर जुर्माने की चेतावनी दी गई।

प्रभारी नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉक्टर हरपाल सिंह ने डेरी संचालकों को सात दिन का समय दिया है। अगर इस अवधि में डेरी संचालक गोबर शहर से बाहर ले जाने का प्रबंध नहीं करते हैं तो सभी पर एक-एक लाख का जुर्माना किया जाएगा।

Tags:    

Similar News