बोर्ड बैठक में मेयर खोलेंगी अपने पत्ते, उपाध्यक्ष पद पर होगा कोई करीबी

By :  Neeraj Jha
Update: 2024-07-09 07:52 GMT


गाजियाबाद। नगर निगम कार्यकारिणी उपाध्यक्ष को लेकर गाजियाबाद भाजपा में सरगर्मियां तेज हो गई हैं। उपाध्यक्ष पद एक बार फिर भारतीय जनता पार्टी को मिलना तय है और माना जा रहा है कि इसके लिए किसी मजबूत चेहरे पर ही गंभीरता से विचार किया जा रहा है। मेयर सुनीता दयाल ने अभी तक इस विषय में अपने पत्ते नहीं खोले हैं। उपाध्यक्ष का फैसला बोर्ड बैठक के दौरान ही होने के आसार हैं और यह भी तय है कि मेयर सुनीता दयाल के किसी करीबी को ही यह मौका मिलेगा।

गाजियाबाद नगर निगम की 12 सदस्यीय कार्यकारिणी का चुनाव गत वर्ष 23 जून को हुआ था। इसमें भारतीय जनता पार्टी के 9 और विपक्ष के तीन पार्षदों ने जगह बनाई थी। भारतीय जनता पार्टी की ओर से पार्षद प्रवीण चौधरी, मनोज त्यागी, राजकुमार भाटी, गौरव सोलंकी, यशपाल पहलवान, शीतल देओल, रेखा गोस्वामी और रामनिवास बंसल के अलावा राजीव शर्मा निगम कार्यकारिणी के लिए चुने गए थे। इसके अलावा निगम कार्यकारिणी में कांग्रेस की ओर से अजय शर्मा, समाजवादी पार्टी की ओर से आदिल मलिक और निर्दलीय पार्षद धर्मेंद्र यादव ने भी निगम कार्यकारिणी में जगह बनाई थी। वार्ड 59 से भाजपा पार्षद राजीव शर्मा को निगम कार्यकारिणी में उपाध्यक्ष चुना गया था।

एक वर्ष का समय पूरा होने पर गत 23 जून को ही निगम कार्यकारिणी के 6 सदस्यों का कार्यकाल पूरा हो गया था। इन 6 सदस्यों का चयन पर्ची के माध्यम से किया गया था। नगर निगम कार्यकारिणी के उपाध्यक्ष राजीव शर्मा का नाम पहली ही पर्ची में सामने आ गया था। इनके अलावा भाजपा पार्षद रेखा गोस्वामी, राजकुमार भाटी, गौरव सोलंकी, समाजवादी के आदिल मालिक और निर्दलीय धर्मेंद्र यादव के नाम भी निगम कार्यकारिणी से बाहर जाने वाले पार्षदों में शामिल हैं। इन सभी 6 पार्षदों के स्थान पर नगर निगम कार्यकारिणी के लिए अब 6 नये सदस्यों का चयन किया जाना है। नए सदस्यों के चयन के लिए नामांकन के साथ ही मनोनयन की प्रक्रिया भी अपनाई जा सकती है। हालांकि, सुनीता दयाल ने उपाध्यक्ष को लेकर अभी तक अपने पत्ते नहीं खोले हैं परंतु माना जा रहा है कि निगम कार्यकारिणी का उपाध्यक्ष उन्हीं की पसंद का होगा।

Tags:    

Similar News