महापौर और नगर आयुक्त ने पौधारोपण कर किया वन महोत्सव का शुभारंभ, एक सप्ताह में एक लाख से अधिक लगाएंगे पौधे

Update: 2024-07-01 12:09 GMT

सोनू सिंह

गाजियाबाद। गाजियाबाद नगर निगम उद्यान विभाग द्वारा वृहद स्तर पर पौधारोपण का कार्य किया जा रहा है जिसमें वन महोत्सव के अंतर्गत सप्ताह में 1 लाख से अधिक पौधे गाजियाबाद नगर निगम सीमा में लगाए जाएंगे। महापौर सुनीता दयाल और नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने आज पौधारोपण कर कवि नगर जोन के मुखर्जी पार्क से वन महोत्सव का शुभारंभ किया।

डॉ. अनुज उद्यान प्रभारी ने बताया कि गाजियाबाद नगर निगम द्वारा अधिक से अधिक पौधारोपण की तैयारी की गई है जिसमें उद्यान विभाग की समस्त टीम लगी हुई है। पार्कों के साथ-साथ ऐसे सार्वजनिक स्थान भी चुने गए हैं। जहां पर वृक्ष लगाए जा सकते हैं वहां पर जन सहयोग से वृक्षारोपण किया जा रहा है। वन महोत्सव के क्रम में पूरे सप्ताह अधिक से अधिक पौधारोपण का कार्य किया जाएगा जिसमें लक्ष्य को पूरा करते हुए 1 लाख 20 हजार पौधा लगाने का पूरा प्रयास किया जाएगा। 1 जुलाई 2024 को वन महोत्सव सप्ताह के शुभारंभ में लगभग 9000 से अधिक पौधारोपण शहर में किए गए हैं।

नगर आयुक्त ने आम का पौधा लगाया और शहर वासियों को पर्यावरण को स्वच्छ बनाए रखने के लिए अधिक से अधिक पौधा लगाने के लिए प्रेरित किया। शहर के पांचों जोन में पौधारोपण का कार्य अभियान के रूप में किया गया। क्षेत्रीय पार्षदों ने भी अपने-अपने क्षेत्र में सार्वजनिक स्थानों पर पौधारोपण किया। नगर आयुक्त ने उद्यान प्रभारी डॉ. अनुज को पौधा रोपण के समय अधिक से अधिक संख्या फलदार पौधे तथा औषधि वाले पौधों की शामिल करने के निर्देश दिए, जिसके क्रम में गाजियाबाद नगर निगम द्वारा आंवला का पौधा, नीम का पौधा, छाया के लिए शीशम पीपल बरगद का वृक्ष को शामिल किया गया है और फलदार वृक्ष के लिए शहतूत आम अमरूद जामुन के वृक्ष भी लगाए जा रहे हैं।

महापौर ने बेलपत्र का पौधा लगाया। साथ ही शहर वासियों को पर्यावरण बनाए रखने के लिए पौधारोपण बेहद जरूरी है का संदेश दिया। महापौर ने बताया कि गाजियाबाद नगर निगम, पार्षद, शहर के निवासी और आरडब्ल्यूए पदाधिकारी उत्साह पूर्वक पौधा रोपण कर रहे हैं। 

Tags:    

Similar News