इकराम नगर में महज 500 रुपये के लिए पड़ोसियों ने मजदूर को चाकू से गोदा, अस्पताल में हुई मौत

Update: 2024-09-12 06:55 GMT

- लोनी कोतवाली के इकराम नगर कॉलोनी का मामला

दिनेश माथुर (सिटीजन रिपोर्टर)

गाजियाबाद। गाजियाबाद के लोनी कोतवाली क्षेत्र के इकराम नगर कॉलोनी में 500 रुपये के लिए पड़ोसियों ने मजदूर को चाकू से गोद दिया। इस घटना में चाकू लगने से घायल हुए 48 वर्षीय मजदूर महराज की अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। परिजनों ने पुलिस पर लापरवाही बरतने का आरोप लगाते हुए विरोध किया। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर खानापूर्ति की।

मूलरूप से हापुड़ के रहने वाले महराज परिवार के साथ रहते थे। वह मजदूरी करते थे। उनके बेटे सरफराज ने बताया कि उनके पड़ोस में रहने वाले साजिद पर उनके चाचा सिराज के 500 रुपये थे। 28 अगस्त को 500 रुपये लेने के लिए उनकी चाची फरजाना आरोपियों के घर गई थी। आरोप है कि आरोपियों ने पैसे नहीं दिए और गाली गलौज की। गाली गलौज होने पर अफसाना के पति सिराज मौके पर पहुंचे। उन्होंने गाली गलौज का विरोध किया। विरोध करने पर आरोपियों ने मारपीट शुरू कर दी। सिराज को बचाने के उनके भाई रियाजुद्दीन, महराज और रियाजुद्दीन के बेटे शोएब भी मौके पर पहुंचे। तभी आरोपियों ने चाकू, लाठी डंडे और ईंट से हमला कर दिया। आरोपियों ने महराज और शोएब के पेट को चाकू से गोद दिया। रियाजुद्दीन और सिराज लाठी डंडे और ईंट लगने से घायल हुए। परिजनों ने सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया। उपचार के दौरान रियाजुद्दीन, शोएब और सिराज को अस्पताल से छुट्टी मिल गई। वहीं महराज का अस्पताल में इलाज चल रहा था। महराज 15 दिनों से वेंटिलेटर पर थे। बुधवार शाम उपचार के दौरान महराज की मौत हो गई।

एसीपी लोनी सूर्यबली मोर्य ने कहा कि परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने साजिद, सलमान, अरशद और फरजन के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। परिजनों द्वारा बताए गए अन्य नामों पर जांच चल रही है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीम दबिश दे रही है। जल्द फरार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Tags:    

Similar News