मैनपुरी के जिलाध्यक्ष को तोहफा! अखिलेश का वोटर्स को लुभाने के लिए ये है प्लान; आलोक पर खेलेंगे बड़ा दांव

By :  SaumyaV
Update: 2024-03-11 07:27 GMT

मैनपुरी के जिला अध्यक्ष आलोक शाक्य को अखिलेश यादव बड़ा तोहफा दे सकते हैं। उन्हें एमएलसी बनाने की अटकलें हैं, हालांकि आधिकारिक पत्र जारी नहीं होने से असमंजस की स्थिति बरकरार है।


सपा के जिलाध्यक्ष और तीन बार के पूर्व विधायक आलोक शाक्य को पार्टी हाईकमान ने लखनऊ बुला लिया है। उनके एमएलसी बनाए जाने की अटकलें तेज हो गई हैं। हालांकि पार्टी नेतृत्व की ओर से कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं होने के चलते कार्यकर्ता भी असमंजस में रहे। अब सोमवार को नामांकन के दौरान ही स्थिति साफ होने की उम्मीद जताई जा रही है।

भाजपा केशव प्रसाद मौर्य के सहारे शाक्य मतदाताओं को लुभाने में अब तक कामयाब रही है। इसके बाद विधानसभा चुनाव में स्वामी प्रसाद मौर्य भी शाक्य का नेतृत्व सपा में करते नजर आए। लेकिन अब वह पार्टी से विदा ले चुके हैं। ऐसे में शाक्य मतदाताओं को लुभाने के लिए सपा को भी कहीं न कहीं शाक्य कार्ड की जरूरत है।

दरअसल मैनपुरी के साथ ही एटा, फर्रुखाबाद, इटावा, बदायूं, कन्नौज, फिरोजाबाद समेत आसपास के बड़े क्षेत्र में शाक्य मतदाताओं की संख्या अच्छी खासी है। ये वोट अब भाजपा के पाले में है। वहीं मैनपुरी से भाजपा में उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य को चुनाव लड़ाने की चर्चाएं होने के बाद सपा ने मंथन शुरू कर दिया था।

इसी को देखते हुए एटा और फर्रुखाबाद सीट से सपा ने शाक्य को ही प्रत्याशी बनाया है। मैनपुरी सीट पर डिंपल यादव प्रत्याशी हैं तो यहां भी शाक्य मतदाताओं को साधना जरूरी था। इसी को देखते हुए मैनपुरी से सपा के जिलाध्यक्ष और तीन बार के पूर्व विधायक आलोक शाक्य को सपा द्वारा एमएलसी प्रत्याशी बनाए जाने की अटकलें तेज हो गई हैं।

रविवार को उन्हें पार्टी हाईकमान ने लखनऊ बुला लिया था। इसके बाद रविवार को देर शाम तक वे पार्टी कार्यालय पर ही रहे। अगर पार्टी उन्हें एमएलसी बनाती है तो मैनपुरी व आसपास की सीटों पर सपा की स्वीकार्यता शाक्य मतदाताओं में बढ़ना तय है।

Tags:    

Similar News