लोनी के मुख्य बाजार में लगा कूड़े का अंबार, पैदल चलना भी हो रहा है मुश्किल

Update: 2024-05-01 05:50 GMT

-मुख्य बाजार में कूड़े का अंबार, परेशान व्यापारियों ने नगर पालिका के कर्मचारियों से की शिकायत

-नालियों में भी कूड़ा जमा, आवाजाही में परेशानी

दिनेश माथुर (सिटीजन रिपोर्टर)

गाजियाबाद। गाजियाबाद के लोनी बाजार में कूड़ा नहीं उठ रहा है। इसकी वजह सफाई कर्मचारियों को पूरा वेतन न मिलने से नाराज होकर हड़ताल पर चले जाना है। मुख्य बाजार में कूड़े का अंबार लगने से व्यापारी परेशान हैं। उन्होंने मामले की शिकायत नगर पालिका के कर्मचारियों से की है। वहीं कूड़ा ना उठने की वजह से बीमारी फैलने का खतरा बन गया है।

लोनी नगर पालिका के कर्मचारियों को पूरा वेतन नहीं मिला। इसको लेकर नगर पालिका के कर्मचारियों ने खन्ना नगर कॉलोनी स्थित नगर पालिका कार्यालय में विरोध प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने कामकाज भी ठप कर दिया। कर्मचारियों के हड़ताल पर जाने से लोनी क्षेत्र में जगह-जगह कूड़े का अंबार लग गया है। यही हाल लोनी के मुख्य बाजार का भी है। मुख्य बाजार में 500 से अधिक दुकानें हैं। इस मुख्य बाजार में लोनी क्षेत्र के अलग-अलग इलाकों से लोग खरीदारी करने आते हैं।

शादियों का सीजन चल रहा है ऐसे में बाजार में भीड़ भाड़ भी है। मुख्य बाजार से कूड़ा ना उठाना और नाली की सफाई न होने से चारों तरफ गंदगी फैल गई है। इससे आने-जाने वाले लोग भी गंदगी से होकर गुजर रहे हैं। लोनी बाजार व्यापारी दीपक गुप्ता ने बताया कि बाजार में गंदगी के चलते लोग खरीदारी करने नहीं आएंगे। नाली से कूड़ा न निकलने पर पानी सड़क पर आ जाएगा।

Tags:    

Similar News