311 एप पर हाजिरी की व्यवस्था को ठेंगा दिखा रहे है कर्मचारी

Update: 2024-06-10 10:42 GMT

सोनू सिंह

गाजियाबाद। नगर निगम की कार्यप्रणाली को पारदर्शी बनाने के लिए गाजियाबाद 311 एप पर कर्मचारियों की हाजिरी की व्यवस्था लागू की गई है लेकिन आधे से ज्यादा कर्मचारी इससे कन्नी काट रहे हैं। नगर निगम के 6,124 कर्मचारियों का मोबाइल एप पर डाटा फीड है, इनमें से महज 2,515 कर्मचारी ही एप का प्रयोग कर रहे हैं।

देश के 25 बड़े नगर निगमों का अध्ययन करने के बाद तैयार किया गया गाजियाबाद 311 मोबाइल एप 11 मार्च को लांच किया गया था। दावा किया गया था कि एप की मदद से शहरवासी नगर निगम से जुड़ी 66 तरह की सेवाओं का घर बैठे लाभ उठा सकेंगे। जिन शिकायतों का समाधान होने में चार से छह दिन लगते हैं, उनका समाधान चंद घंटों में हो जाएगा। हालांकि, दो महीने में इस एप पर साढ़े सात हजार से ज्यादा शिकायतें दर्ज हो चुकी है। इनका निस्तारण भी तेजी से किया जा रहा है लेकिन निगम कर्मचारियों पर निगरानी रखने के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) आधारित हाजिरी व्यवस्था सफल होती नहीं दिख रही है। एप से हाजिरी लगाने वालों में सबसे ज्यादा लगभग 1,800 कर्मचारी नगर स्वास्थ्य विभाग के हैं।

अपर नगर आयुक्त अवनींद्र कुमार का कहना है कि कोई भी नई पहल करने में कुछ चुनौतियां सामने आती हैं। एप का फायदा शहरवासियों को मिल रहा है। एप से हाजिरी लगाने वाले कर्मचारियों की संख्या भी धीरे-धीरे बढ़ रही है। एआई आधारित हाजिरी सिस्टम लागू करने का एक उद्देश्य हाजिरी में फर्जीवाड़े की शिकायतों को रोकना भी है। सूत्रों के अनुसार नगर निगम के नगर स्वास्थ्य विभाग में ड्यूटी पर नहीं आने के बाद भी हाजिरी रजिस्टर पर उपस्थिति दर्ज होने की काफी शिकायतें मिल रही थीं। इसका असर नगर निगम की कार्यप्रणाली और अर्थव्यवस्था पर भी पड़ रहा है। एआई आधारित हाजिरी सिस्टम लागू करने का एक मकसद इस तरह की शिकायतों पर अंकुश लगाना भी है।

Tags:    

Similar News