गाजियाबाद में रिमझिम वर्षा ने नगर निगम के कागजी दावों की उड़ाई धज्जियां, सड़क पर जलभराव और जाम

Update: 2024-09-13 07:20 GMT

- कई नाला पूरी तरह नगर निगम ने नहीं किया साफ

- एनएच-9, जीटी रोड, लिंक रोड, सौर ऊर्जा रोड और दिल्ली वजीराबाद रोड पर भरा पानी

- कालोनियों और बाजारों में भरा पानी

मोहसिन खान

गाजियाबाद। रिमझिम वर्षा ने नगर निगम के कागजी दावों की धज्जियां उड़ा दी है। वर्षा का पानी सड़कों पर भर गया। जलभराव की वजह से एनएच-9, जीटी रोड, लिंक रोड, सीआइएसएफ रोड, लोनी रोड और दिल्ली वजीराबाद रोड पर जाम की स्थिति बन गई है।

नगर निगम ने वर्षा शुरू होने से पहले सभी नालों की सफाई का दावा किया था। नगर निगम यह दावा कागजों में गुम हो गया है। कुछ नाला पूरी तरह साफ नहीं हुए हैं। नाला साफ करने में खानापूर्ति की गई है। नाले के आसपास कई लाख लोग रहते हैं। वर्षा में जीटी रोड पर अर्थला, मोहन नगर सहित कई जगह पर पानी भर गया। औद्योगिक क्षेत्र साइट चार में सौर ऊर्जा मार्ग पर पानी भर गया। ट्रांस हिंडन की राजेंद्र नगर, शालीमार गार्डन, भोपुरा, वसुंधरा, वैशाली, कौशांबी, श्याम पार्क, गरिमा गार्डन, करेहड़ा, इंदिरापुरम का शक्ति खंड, ज्ञान खंड, वैभव खंड, नीति खंड में जगह-जगह दो-दो फीट पानी भर गया है। मोहन नगर तिराहा पर जलभराव हो गया।

मोटर से निकाला पानी

इंदिरापुरम की विधायक कालोनी में बिल्डिंगों के बेसमेंट में पानी भरने के बाद लोग घरों में कैद हो गए। देर शाम तक लोग बेसमेंट में पंप लगाकर पानी निकालते नजर आए। इसी तरह शालीमार गार्डन और बृज विहार में मकान और बिल्डिंगों के बेसमेंट में पानी भर गया।

जाम में फंसे रहे लोग

जलभराव के कारण कल से ही जीटी रोड पर जाम की स्थिति है। जीडी रोड की दोनों लेन पर जाम लग गया। वसुंधरा और हिंडन नहर रोड पर भी जाम रहा। दिल्ली वजीराबाद रोड भोपुरा और गरिमा गार्डन में जाम लग गया। लिंक रोड पर वसुंधरा फ्लाईओवर के पास भी वाहनों की गति धीमी हो गई। सौर ऊर्जा रोड पर सीइएल कंपनी और रोडवेज डिपो के पास पानी भरने से जाम लग गया। वहीं लोनी और खोड़ा में भी जलभराव से जाम की स्थिति बनी। जोनल प्रभारी नगर निगम आरपी सिंह ने बताया कि जल भराव की समस्या को दूर किया जाएगा।

जलभराव के कारण

- सड़कों पर जगह-जगह हुआ अतिक्रमण

- नालों पर किया गया अतिक्रमण

- नालों की नहीं हुई सफाई

- नालों से नीचे हुई कई सड़कें

- जल निकासी की नहीं है व्यवस्था

- कई जगह नहीं बने हैं बरसाती नाले

Tags:    

Similar News