पार्षदों ने कहा सुधीर कुमार की रिहाई से खत्म नहीं हो गया मामला

Update: 2024-05-31 14:30 GMT

नेहा सिंह तोमर

गाजियाबाद। वार्ड 28 के पार्षद सुधीर कुमार ने गुरुवार को जेल से रिहाई के बाद अन्य साथी पार्षद के साथ मुश्किल घड़ी में साथ देने पर आभार जताया। सभी पार्षदों के साथ सुधीर कुमार गुरुवार सुबह मेयर के आवास पहुंचे जहां अन्य पार्षदों ने माला पहनकर उनका स्वागत किया। मेयर सुनीता दयाल ने भी पार्षद सुधीर कुमार का स्वागत किया। इस दौरान सुधीर कुमार ने अपनी आपबीती बताई।

सुधीर कुमार ने कहा कि मोहन नगर में पुलिस की मिली भगत से गलत कार्यों का रैकेट चल रहा है। उन्होंने पुलिस और नगर निगम को पत्र लिखकर इसकी शिकायत की थी। घटना वाली रात करीब 2:00 में अपने भाई बहन व साथियों के साथ लौट रहे थे तो खोखा खुला पाया। सुधीर कुमार ने कहा कि उन्होंने वहीं से पुलिस को फोन किया लेकिन पुलिस की ओर से कोई जवाब नहीं दिया गया। इसके बाद उन्होंने खोखे पर मौजूद महिला और अन्य लोगों से पूछताछ की तो उन पर लूट, छेड़खानी का आरोप लगा दिया। सुधीर कुमार ने कहा कि पुलिस की मंशा पर इसलिए शक किया जाना चाहिए क्योंकि पुलिस ने दिन का इंतजार किए बिना रात को ही उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली।

पार्षदों ने कहा कि पार्षद सुधीर की गिरफ्तारी के मुद्दे पर पार्षदों में एकजुटता रही। पार्षदों ने कहा कि इस पूरे मामले में साहिबाबाद थाना प्रभारी और मोहन नगर चौकी प्रभारी के खिलाफ एक्शन होने तक आंदोलन जारी रहेगा। पार्षद उदित मोहन ने कहा कि पार्षद एक चुने हुए जनप्रतिनिधि हैं उनके साथ पुलिस ने जो रवैया किया है इसकी जितनी निंदा की जाए कम है। उन्होंने कहा कि पुलिस अधिकारियों के रवैया को लेकर कैबिनेट मंत्री सुनील शर्मा, लोनी के विधायक नंदकिशोर गुर्जर और महापौर सुनीता दयाल से नाराजगी जाहिर की है। कैबिनेट मंत्री सुनील शर्मा, नंदकिशोर गुर्जर ने आश्वासन दिया है कि चुनाव नतीजा आने के बाद इस मामले को मुख्यमंत्री के समक्ष रखा जाएगा।

Tags:    

Similar News